Page Loader
IPL 2023: डु प्लेसिस ने लगाया अर्धशतक, RCB के लिए अपने 1,000 रन पूरे किए
डु प्लेसिस ने खेली 65 रन की पारी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: डु प्लेसिस ने लगाया अर्धशतक, RCB के लिए अपने 1,000 रन पूरे किए

May 09, 2023
09:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अपना जबरदस्त फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी (65) खेली है। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने RCB से खेलते हुए अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। आइए उनकी पारी और IPL के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही डु प्लेसिस की पारी 

पारी की शुरुआत करने आए डु प्लेसिस को पहले ओवर के दौरान ही जीवनदान मिल गया। जेसन बेहरेनडॉर्फ के ओवर की चौथी गेंद पर नेहल वढेरा ने उनका कैच छोड़ दिया। उन्होंने इस जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। डु प्लेसिस ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके मौजूदा सीजन का छठा अर्धशतक है। उम्दा बल्लेबाजी कर रहे डु प्लेसिस 41 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुए।

IPL 2023 

मौजूदा सीजन में जड़ा छठा अर्धशतक

RCB के कप्तान डु प्लेसिस ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है और आज मौजूदा सीजन में अपना छठा अर्धशतक लगाया है। अब तक उन्होंने IPL 2023 की 11 पारियों में 57.60 की अविश्वसनीय औसत से 576 रन बना लिए हैं। विशेष रूप से ये रन उन्होंने 157.80 की स्ट्राइक रेट के साथ अपने नाम किए हैं। वह फिलहाल इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।

RCB 

 डु प्लेसिस ने RCB से पूरे किए अपने 1,000 रन 

आज की पारी के दौरान उन्होंने RCB की ओर से अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। RCB के लिए उनके अब 43.50 की औसत से 1,044 रन हो गए हैं। वह अब कोहली (7,044), एबी डिविलियर्स (4,491), क्रिस गेल (3,163), जैक्स कैलिस (1,132) और ग्लेन मैक्सवेल (1,144 की सूची में शामिल हो गए हैं। उन्होंने पिछले सीजन में RCB की ओर से सबसे ज्यादा 468 रन बनाए थे।

जानकारी

RCB ने दिया 200 रन का लक्ष्य 

वानखेड़े स्टेडियम में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199/6 का स्कोर बनाया है। डु प्लेसिस के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने भी अर्धशतक (68) लगाया है। MI से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 3 विकेट लिए हैं।