LOADING...
रायडू को 2019 विश्व कप टीम में क्यों नहीं लिया गया? पूर्व चयनकर्ता ने दिया बयान

रायडू को 2019 विश्व कप टीम में क्यों नहीं लिया गया? पूर्व चयनकर्ता ने दिया बयान

लेखन Neeraj Pandey
Aug 10, 2020
06:35 pm

क्या है खबर?

2019 विश्व कप से पहले और विश्व कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम में चार नंबर बड़ी समस्या थी। विश्व कप से पहले अंबाती रायडू को इस पोजीशन का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन अचानक वह विश्व कप टीम से ही बाहर कर दिए गए थे। अब भारत के पूर्व चयनकर्ता गगन खोड़ा ने स्पष्ट किया है कि आखिर रायडू को क्यों बाहर किया गया था।

बयान

एक साल के बाद भी नहीं बढ़ा रायडू का आत्मविश्वास- खोड़ा

स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ बातचीत के दौरान खोड़ा ने कहा कि रायडू अनुभवी थे और हम विश्व कप के बारे में सोच रहे थे। उन्होंने आगे कहा, "एक साल तक उन्हें मौका देने के बाद लगा कि उनका आत्मविश्वास विश्व कप खेलने जैसा नहीं है। टूर्नामेंट इंग्लैंड में था तो हम किसी युवा खिलाड़ी को भी नहीं ला सकते थे।" खोड़ा ने आगे कहा कि भारतीय टीम कमजोर नहीं थी और केवल उनके लिए एक बुरा दिन था।

प्रसाद

एमएसके प्रसाद ने भी रायडू के बाहर होने पर दिया था बयान

पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने रायडू को विवादित तरीके से विश्व कप टीम से बाहर किए जाने को लेकर फरवरी में पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी थी। प्रसाद ने कहा था कि रायडू के साथ एक महीने तक नेशनल क्रिकेट अकादमी में उनकी फिटनेस पर काम किया गया था। उन्होंने यह भी कहा था कि विश्व कप टीम में रायडू के नहीं होने का उन्हें दुख था।

मामले

एक साल से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है रायडू का करियर

विश्व कप टीम में नहीं चुने जाने के बाद रायडू ने निराशा में क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया। हालांकि, एक महीने के अंदर ही उन्होंने अपने फैसले पर फिर से विचार किया और संन्यास से वापस आए। उन्होंने हैदराबाद के लिए विजय हजारे ट्रॉफी खेली, लेकिन हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने खुद को रणजी ट्रॉफी से दूर कर लिया। फिलहाल रायडू चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ IPL 2020 की तैयारी में लगे हैं।

करियर

ऐसा रहा है रायडू का करियर

2013 में भारत के लिए अपना डेब्यू करने वाले रायडू ने 55 वनडे और छह टी-20 खेले हैं। उन्होंने वनडे में तीन शतक और 10 अर्धशतकों की बदौलत 47.06 की औसत के साथ 1,694 रन बनाए हैं। टी-20 में उनके बल्ले से केवल 42 रन ही निकले हैं। भारत के लिए उन्होंने आखिरी मुकाबला मार्च 2019 में खेला था। 147 IPL मैचों में एक शतक और 18 अर्धशतक समेत रायडू 3,300 रन बना चुके हैं।