इंग्लैंड बनाम श्रीलंका: कुसल मेंडिस ने वनडे में अपना 7वां शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान कुसल मेंडिस ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में बेहतरीन शतक (121) लगाया। यह उनके वनडे करियर का कुल 7वां और इंग्लैंड के खिलाफ पहला शतक साबित हुआ। यह इंग्लैंड की धरती पर उनके बल्ले से निकलने वाली पहली शतकीय पारी रही। इस बीच उन्होंने कामिंदु मेंडिस के साथ मिलकर बड़ी शतकीय साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही कुसल मेंडिस की पारी
लीड्स के मैदान पर श्रीलंका ने जब 45 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब कुसल क्रीज पर आए।
इस बल्लेबाज ने आक्रामक अंदाज में खेल दिखाया और 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने कामिंदु (54) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 137 रन जोड़े।
उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 82 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 100 गेंदों में 121 रन बनाकर आउट हुए।
आंकड़े
ऐसा है कुसल मेंडिस का वनडे करियर
कुसल ने अपने वनडे क्रिकेट करियर में अब तक 158 मैच खेले हैं, जिसकी 154 पारियों में लगभग 35 की औसत के साथ 5,100 से अधिक रन बना चुके हैं।
वह श्रीलंका की ओर से इस प्रारूप में 7 शतकों के अलावा अब तक 36 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। वनडे में उनका उच्चतम स्कोर 143 रन का है।
यह बतौर कप्तान उनका वनडे में पहला ही शतक है।
शतक
मेंडिस ने बतौर विकेटकीपर अपना 5वां वनडे शतक लगाया
यह विकेटकीपर के तौर पर कुसल मेंडिस का कुल 5वां शतक है।
बतौर विकेटकीपर उनसे ज्यादा वनडे शतक वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी सिर्फ कुमार संगाकारा (23 शतक) हैं।
मेंडिस के बाद रोमेश कालुवितरणा, दिनेश चांदीमल और निरोशन डिकवेला ने विकेटकीपर के तौर पर खेलते हुए 2-2 शतक लगाए थे।
विकेटकीपर के रूप में खेलते हुए उन्होंने 42.59 की औसत के साथ 78 पारियों में 2,939 रन बनाए हैं।