ओवल टेस्ट: न्यूजीलैंड ने बढ़ाया जीत की ओर कदम, ऐसा रहा चौथा दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे ओवल टेस्ट में अपनी पकड़ बना ली है। ओवल में खेले जा रहे मैच में जीत के लिए मिले 463 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 182 रन बनाए हैं। चौथे दिन के स्टंप्स तक क्रीज पर फिलहाल जो रूट (75) और जॉर्डन कॉक्स (0) मौजूद हैं। आइए चौथे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में बनाए 362 रन
कल के स्कोर 252/3 से आगे खेलने उतरी कीवी टीम को आज पहला झटका हेनरी निकोलस (121) के रूप में लगा। इसके बाद डेरिल मिचेल ने अर्धशतक पूरा किया। वह 68 रन की पारी खेलकर आउट हुए। निचले क्रम पर नाथन स्मिथ ने 32 रन का योगदान किया। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में सभी विकेट खोकर 362 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 100 रन से पिछड़ने के चलते इंग्लैंड को बड़ा लक्ष्य मिला।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के शीर्षक्रम ने किया निराश
इंग्लैंड की दूसरी पारी में 40 रन तक शीर्षक्रम के 3 विकेट आउट हुए। इस बीच एमिलियो गे 14 गेंदों का सामना करते हुए 11 रन बनाकर आउट हुए। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए जैकब बेथल अपना खाता भी नहीं खोल सके। टीम के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 28 गेंदों का सामना करते हुए 9 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
अर्धशतक
ब्रूक और रूट ने लगाए अर्धशतक
ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने कीवी गेंदबाजों के सामने आक्रामक बल्लेबाजी की और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। वह 54 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रूट ने भी उम्दा पारी खेली और ब्रूक के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। रूट फिलहाल 137 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद हैं।
रूट
रूट ने पूरे किए अपने 14,000 टेस्ट रन
अपनी इस संघर्षपूर्ण पारी के दौरान रूट ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 1,4000 रन पूरे किए। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इस आंकड़े को छूने वाले सिर्फ दूसरे ही बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर (15,921) ऐसा कारनामा कर चुके हैं। रूट ने टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2,000 रन पूरे किए। वह कीवी टीम के खिलाफ ये आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
जानकारी
इंग्लैंड को है 281 रन की दरकार
इंग्लैंड को जीत के लिए 281 रन की दरकार है, जबकि उनके 5 विकेट गिर चुके हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के पास आखिरी दिन ओवल टेस्ट को जीतकर सीरीज में बराबरी हासिल करने का मौका होगा।