जो रूट 14,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने, जानिए उनके आंकड़े और रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने अहम उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट की अपनी दूसरी पारी के दौरान 14,000 रन पूरे किए। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इस आंकड़े को छूने वाले सिर्फ दूसरे ही बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर ऐसा कारनामा कर चुके हैं। आइए उनके रिकॉर्ड्स और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
बेमिसाल रहा है रूट का टेस्ट करियर
टेस्ट क्रिकेट में रूट ने अपना पहला मुकाबला साल 2012 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 165 टेस्ट खेले हैं और इसकी 301 पारियों में लगभग 50 की उम्दा औसत के साथ 14,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 41 शतक और 66 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन रहा है। साल 2025 में इस खिलाड़ी ने 18 पारियों में 50.31 की औसत से 805 रन बनाए थे।
आंकड़े
सचिन के बाद इस आंकड़े को छूने वाले दूसरे बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट में तेंदुलकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। बता दें कि पूर्व भारतीय दिग्गज ने अपने बेमिसाल करियर में 53.78 की औसत के साथ 15,921 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए रूट के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन एलिस्टर कुक (12,472) ने बनाए हैं। इन दोनों के अलावा किसी अन्य इंग्लिश बल्लेबाज ने 10,000 रन नहीं बनाए हैं। ग्राहम गूच (8900) तीसरे सर्वाधिक रन वाले इंग्लिश खिलाड़ी हैं।
शतक
टेस्ट में तीसरे सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज हैं रूट
रूट अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरे सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी अपने टेस्ट करियर में 41 शतक लगाए थे। टेस्ट में इनसे ज्यादा शतक सिर्फ भारत के तेंदुलकर (51) और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस (45) ने लगाए हुए हैं। इन 4 बल्लेबाजों के अलावा किसी अन्य खिलाड़ी ने 40 शतकों का आंकड़ा नहीं छूआ है।
बनाम न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के खिलाफ 2,000 टेस्ट रन पूरे किए
रूट ने टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2,000 रन पूरे किए। वह कीवी टीम के खिलाफ ये आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। इस स्टार खिलाड़ी ने 'द ओवल' में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की चौथी पारी में अपना 20वां रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने न्यूजीलैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया, और भारत के खिलाफ भी टेस्ट में 2,000 से अधिक रन बनाए हैं।