इंग्लैंड बनाम भारत: लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले पहले महिला टेस्ट की पूरी जानकारी
क्या है खबर?
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाला महिला टेस्ट मुकाबला ऐतिहासिक होगा। यह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाने वाला पहला महिला टेस्ट मैच है। पुरुषों के पहले टेस्ट के 142 साल बाद इस मैदान पर महिला क्रिकेट को जगह मिलेगी। इंग्लैंड ने 1937 से अब तक 19 मैदानों पर 55 टेस्ट खेले हैं और लॉर्ड्स उसका 20वां टेस्ट स्थल होगा। टीम ने आखिरी घरेलू टेस्ट 2023 में खेला था।
टेस्ट
हाल के दिनों में टेस्ट में दोनों टीमों का प्रदर्शन
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम ने इस साल सिर्फ एक मुकाबला खेला है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वाका में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट में टीम को 10 विकेट से हार मिली थी। यह साल 2006 के बाद 10 टेस्ट में उसकी पहली हार थी। भारत ने 2025 में कोई टेस्ट नहीं खेला था, जबकि 2024 में सिर्फ एक मुकाबला खेला था। वहीं, इंग्लैंड ने अपना पिछला टेस्ट जनवरी 2025 में खेला था, जिसमें उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी।
हेड-टू-हेड
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारतीय महिला टीम और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच अब तक 14 टेस्ट मैच हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 3 मैच में जीत मिली है। एक मैच इंग्लैंड ने जीता है और 10 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट मैच 2023 में खेला गया था। उस मैच में भारतीय टीम को 347 रनों से धमाकेदार जीत मिली थी। इंग्लैंड में भारतीय टीम ने आखिरी टेस्ट मैच साल 2014 में जीता था।
अंतर
पुरुषों के टेस्ट से कितना अलग होता है महिला टेस्ट मैच?
महिलाओं का टेस्ट मैच 4 दिन का होता है, जबकि पुरुषों का टेस्ट 5 दिन का होता है। इसमें एक दिन में कम से कम 100 ओवर फेंकना अनिवार्य है। वहीं, फॉलोऑन के लिए 200 की जगह 150 रन की बढ़त जरूरी होती है। अब तक सिर्फ 2 महिला टेस्ट मुकाबले 5 दिन तक चले हैं। 2023 एशेज में ट्रेंट ब्रिज पर खेला गया टेस्ट आखिरी 5 दिवसीय मुकाबला हुआ था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 89 रन से जीता था।
दल
दोनों टीमों के स्क्वाड पर एक नजर
लॉर्ड्स टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: नेट स्किवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माया बाउचर, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एम्मा लैम्ब, ग्रेस पॉट्स, एली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स और इस्सी वोंग। लॉर्ड्स टेस्ट के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, हरलीन देओल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सायली सातघरे और स्नेह राणा।