इंग्लैंड बनाम भारत: विराट कोहली आगामी वनडे सीरीज में बना सकते हैं ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। अब 14 जुलाई से दोनों टीमें वनडे सीरीज में आपस में भिड़ेंगी। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अपनी चुनौती पेश करेगी, जिसमें दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी खेलते हुए दिखेंगे। कोहली इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के दौरान कुछ अहम रिकॉर्ड्स बना सकते हैं। आइए उन पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
15,000 वनडे रन पूरे करने के करीब हैं कोहली
कोहली ने अपने वनडे करियर में अब तक 311 मैचों की 299 पारियों में 58.71 की बेहतरीन औसत और 93.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 14,797 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 54 शतक और 77 अर्धशतक लगाए हैं। वह इस प्रारूप में 15,000 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। बता दें कि सिर्फ सचिन तेंदुलकर (18,426) ने ही वनडे में कोहली से ज्यादा रन बनाए हुए हैं।
लिस्ट-A
सर्वाधिक लिस्ट-A शतक लगाने के करीब हैं कोहली
कोहली ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में 59 शतक लगाए हैं। वह भारत के अलावा घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में 5 शतक लगा चुके हैं। अगर वह 2 शतक लगाने में कामयाब होते हैं तो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। बता दें कि तेंदुलकर ने अपने लिस्ट-A करियर में 60 शतक लगाए थे, जिसमें वनडे में 49 शामिल हैं।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ 1,500 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बन सकते हैं कोहली
कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 38 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 41.08 की औसत के साथ 1,397 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं। वह इंग्लैंड के विरुद्ध 1,500 वनडे रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं। उनसे पहले भारतीय बल्लेबाजों में महेंद्र सिंह धोनी (1,546) और युवराज सिंह (1,523) ने इंग्लैंड के खिलाफ 1,500+ रन बनाए हैं।
जानकारी
नंबर-3 पर खेलते हुए 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन
कोहली ने नंबर-3 पर खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 58.95 की औसत के साथ 15,919 रन बनाए हैं। वह आगामी सीरीज में 81 रन और बनाते ही अपने 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लेंगे।