
ऋषभ पंत इंग्लैंड में एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय (118) पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 8वां और इंग्लैंड के खिलाफ 5वां शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने चौथा शतक लगाया है। यह उनका इस टेस्ट में लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने पहली पारी में 134 रन की शतकीय पारी खेली थी। वह इंग्लैंड में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय हैं।
बल्लेबाजी
ऐसी रही पंत की पारी और साझेदारी
भारत को अपनी दूसरी पारी में 93 रन के कुल स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल (8) के रूप में तीसरा झटका लगा था। इसके बाद बल्लेबाजी पर उतरे पंत ने विपरीत परिस्थिति में संयम से बल्लेबाजी करते हुए 130 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी निभाई। पंत अपनी पारी में 140 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 118 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पूरे किए 1,000 टेस्ट रन
इस पारी के साथ ही पंत ने बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली है। पारी का 85वां रन बनाते ही उनके इंग्लैंड के खिलाफ 1,000 टेस्ट रन भी पूरे हो गए। इस टीम के खिलाफ वह अब तक 13 मुकाबले खेले हैं और इसकी 23 पारियों में 49.09 की औसत के साथ 1,031 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक के अलावा 4 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन का रहा है।
उपलब्धि
एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दूसरे विकेटकीपर
पंत इस शतक के साथ ही एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एंडी फ्लावर ने यह कारनामा किया था। उन्होंने साल 2001 में हरारे में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए टेस्ट की दोनों पारियों में क्रमश: 142 और 199* के स्कोर बनाए थे। इन दोनों के अलावा अन्य कोई विकेटकीपर ऐसा नहीं कर पाया है।
जानकारी
दोनों पारियों में शतक लगाने वाले 7वें भारतीय
पंत दोनों पारियों में शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बने हैं। वह सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, विजय हजारे, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो गए हैं। गावस्कर ने 3 बार और द्रविड ने 2 बार यह कारनाम किया है।
रिकॉर्ड
इंग्लैंड में मेहमान विकेटकीपर के रूप में 4 टेस्ट शतक
पंत इंग्लैंड में 4 शतक लगाने वाले पहले विदेशी विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उनके अलावा अन्य किसी मेहमानी विकेटकीपर ने यहां 2 शतक भी नहीं जड़े हैं। इसी तरह पंत एक टेस्ट में 250 से अधिक रन बनाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में बुधि कुंदेरन (230 बनाम इंग्लैंड, 1964) को पीछे छोड़ दिया है। सूची में महेंद्र सिंह धोनी (224 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2013) तीसरे नंबर पर हैं।
करियर
पंत के टेस्ट करियर पर एक नजर
पंत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 44 मुकाबले खेले हैं और इसकी 77 पारियों में 44.44 औसत और 74.02 की स्ट्राइक रेट से 3,200 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 16 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।