
इंग्लैंड बनाम भारत: जो रूट ने WTC में पूरे किए 6,000 रन, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें और आखिरी टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। अपनी पारी का 25वां रन बनाने ही उनके विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 6,000 रन पूरे हो गए। बता दें कि रूट इंग्लैंड की पहली पारी में केवल 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
रिकॉर्ड
WTC में 6,000 रन पूरे करने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं रूट
WTC की शुरुआत से ही रूट रनों की मशीन रहे हैं। अपना 69वां मैच खेलते हुए रूट ने 52 से अधिक की औसत से 6,000 रन पूरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 20 शतक भी लगाए हैं, जो किसी भी अन्य खिलाड़ी से कम से कम 7 ज्यादा हैं। इसी तरह उन्होंने 22 अर्धशतक भी जड़े हैं। यह गौर करने वाली बात यह है कि WTC इतिहास में किसी अन्य बल्लेबाज के नाम 4,300 रन भी नहीं हैं।
चक्र
रूट का WTC चक्र में कैसा रहा है प्रदर्शन?
रूट पहले WTC चक्र (2019-21) में 47.42 की औसत से 1,660 रन बनाकर दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 8 अर्धशतक और 3 शतक लगाए थे। उन्होंने दूसरे चक्र (2021-23) में 22 टेस्ट मैचों में सर्वाधिक 1,915 रन बनाए थे। उस दौरान 8 शतक और 6 अर्धशतक जड़े थे। इसी तरह तीसरे च्रक (2022-25) में भी उन्होंने 40 पारियों में 54.67 की औसत से सर्वाधिक 1,968 रन बनाए थे। इसमें 7 शतक और 7 अर्धशतक शामिल थे।
जानकारी
मौजूदा WTC चक्र में भी 450 से अधिक रन बना चुके हैं रूट
रूट ने मौजूदा WTC चक्र (2025-27) की भी शानदार शुरुआत की है। अपनी पहली सीरीज खेलते हुए वह 5 मैचों की 10 पारियों में 55 से ज्यादा की औसत से 450 से अधिक रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक जड़े हैं।
करियर
कैसा रहा है रूट का टेस्ट करियर?
रूट ने पहला टेस्ट मैच साल 2012 में भारतीय टीम के खिलाफ नागपुर में खेला था। उन्होंने अब तक 158 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और इसकी 288 पारियों में 51.23 की उम्दा औसत के साथ 13,474* रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 38 शतक और 66 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन रहा है। टेस्ट क्रिकेट में वह इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।