इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 135 रनों के अंतर से हराते हुए सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल की। एडिलेड ओवल में हुए मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 355/6 का स्कोर बनाया, जिसमें टॉम बैंटन ने शतक (121) लगाया। जवाब में मेजबान टीम मैट रेनशॉ (63) और कैमरून ग्रीन (64) की पारियों के बावजूद लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से इंग्लैंड ने जीता मुकाबला
बेन डकेट (9) और हैरी ब्रूक (5) के आउट होने के बाद टॉम बैंटन ने शतक (121) लगाया।
इसके अलावा जो रूट (62), जॉर्डन कॉक्स (67) और विल जैक्स (54*) ने अर्धशतक लगाए और इंग्लैंड ने विशाल स्कोर बनाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 29 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। संकट की घड़ी में रेनशॉ और ग्रीन ने संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 44.3 ओवर में 220 रन पर सिमट गई।
रूट
इंग्लैंड से 50 अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने रूट
रूट ने 68 गेंदों में 62 रन बनाए और यह उनके वनडे करियर का 50वां अर्धशतक साबित हुआ।
रूट ने अपने वनडे करियर में 189 पारियों में 50 अर्धशतक लगाए हैं। अपने करियर में उन्होंने 50.24 की औसत के साथ 8,089 रन बनाए हैं।
उनके बाद दूसरे सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले इंग्लिश बल्लेबाज इयोन मोर्गन हैं। बता दें कि पूर्व कप्तान मोर्गन ने इंग्लैंड की ओर से 42 अर्धशतक और 13 शतकों की मदद से 6,957 रन बनाए थे।
शतक
बैंटन ने वनडे में लगाया अपना दूसरा शतक
इंग्लैंड की ओर से पारी की शुरुआत करते हुए बैंटन अच्छी लय में नजर आए और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने उन्होंने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 99 गेंदों में 121 रन बनाकर आउट हुए। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए।
इस बीच उन्होंने रूट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 136 गेंदों में 137 रन की साझेदारी की और टीम को संकट से उबारा।
अर्धशतक
कॉक्स और जैक्स ने भी लगाए अर्धशतक
कॉक्स ने सिर्फ 49 गेंदों पर 67 रनों की तेज़ पारी खेली, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था।
क्रिकइंफो के अनुसार, यह उनका दूसरा अर्धशतक था। इसके साथ ही उनके कुल वनडे करियर में कुल 234 रन हो गए हैं।
दूसरी ओर जैक्स ने सिर्फ 40 गेंदों पर 54 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी में 4 चौके और एक छक्का शामिल था। इस बीच उन्होंने वनडे में अपने 1,000 रन पूरे किए।
अर्धशतक
रेनशॉ और ग्रीन ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए रेनशॉ ने अपने वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। वह 74 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाकर आउट हुए।
ग्रीन ने अपने वनडे करियर का 5वां अर्धशतक लगाया। वह 82 गेंदों में 64 रन की पारी खेलकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान ग्रीन ने वनडे में 1,000 रन पूरे किए।
रेनशॉ और ग्रीन ने मिलकर मैच में 98 रन की साझेदारी की।