WTC में इंग्लैंड को ICC से बड़ा झटका, इस नियम को बदलने की मांग खारिज
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में धीमी ओवर गति के लिए समान रूप से अंक काटने के नियम पर इंग्लैंड की आपत्तियों को एक बार फिर खारिज कर दिया है। यह मामला पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स और फिर मौजूदा कप्तान जो रूट ने उठाया था। बाली में हुई ICC की बैठकों में इस पर चर्चा हुई, लेकिन सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली क्रिकेट समिति को इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं मिला।
चक्र
इंग्लैंड की थी ये मांग
WTC के आगामी चक्रों में भी धीमी ओवर गति के लिए टीमों पर जुर्माना जारी रहेगा। निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने पर हर अतिरिक्त ओवर के लिए टीम का अंक कटेगा।
स्टोक्स ने दलील दी थी कि उपमहाद्वीप की टीमों को घरेलू मैदान पर स्पिनरों के अधिक इस्तेमाल के कारण समय पर ओवर पूरे करने में स्वाभाविक फायदा मिलता है, जबकि तेज गेंदबाजी पर निर्भर इंग्लैंड को नुकसान होता है।
क्रिकेट समिति ने इस तर्क को कमजोर माना।
क्रिकेट समिति
क्रिकेट समिति ने दी ये दलील
क्रिकेट समिति ने इस दलील पर भी विचार किया कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमें घरेलू टेस्ट में स्पिन की तुलना में तेज गेंदबाजों का अधिक इस्तेमाल करने के बावजूद समय पर अपने ओवर पूरे करती हैं।
समिति ने माना कि दर्शकों को टिकट के बदले जितने क्रिकेट का वादा किया गया है उसे पूरा करना सबसे जरूरी है।
स्टोक्स की आपत्ति इस बात पर थी कि इन जुर्मानों से कप्तानी की एक खास शैली भी हतोत्साहित होती है।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के काटे गए हैं 14 अंक
मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में इंग्लैंड के 14 अंक धीमी ओवर गति के कारण काटे जा चुके हैं।
टीम फिलहाल छठे स्थान पर है और अगले साल गर्मियों में द ओवल में होने वाले फाइनल में पहुंचने की उसकी संभावनाएं बेहद कम हैं।
दिलचस्प बात यह है कि मौजूदा चक्र में श्रीलंका और पाकिस्तान अंक तालिका में सबसे नीचे हैं। धीमी ओवर गति के कारण श्रीलंका के 15 और पाकिस्तान के 24 अंक कट चुके हैं।
जानकारी
शीर्ष टीमों को नहीं हुआ इस नियम से नुकसान
अंक तालिका में शीर्ष 3 टीमों दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का अब तक धीमी ओवर गति के कारण एक भी अंक नहीं कटा है। वहीं, भारत को भी इस नियम के तहत किसी अंक का नुकसान नहीं उठाना पड़ा है।