
मैनचेस्टर टेस्ट: इंग्लैंड ने पहली पारी में बनाए 669 रन, स्टोक्स और रूट ने जड़े शतक
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी 669 रन पर समाप्त हुई। इसी के साथ टीम ने पहली पारी के आधार पर 311 रनों की बढ़त ले ली है। इंग्लैंड ने इस मुकाबले में अपनी पकड़ पूरी तरह से मजबूत बना ली है। जो रूट (150) और कप्तान बेन स्टोक्स (141) ने शानदार शतकीय पारी खेली। ऐसे में आइए इंग्लैंड की पारी पर एक नजर डालते हैं।
लेख-जोखा
इंग्लैंड की पारी का लेखा-जोखा
भारतीय टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की और जैक क्रॉली (84) और बेन डकेट (94) ने पहले विकेट के लिए 166 रन जोड़े। इसके बाद ओली पोप (71) और रूट ने भारतीय गेंदबाजों की क्लास लगाई। वाशिंगटन सुंदर ने जल्दी से 2 विकेट जरूर लिए, लेकिन स्टोक्स ने फिर पारी संभाल ली और इंग्लैंड ने एक पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। कोई भारतीय गेंदबाज अपना असर नहीं छोड़ पाया।
पारी
रूट की पारी पर एक नजर
इंग्लैंड ने जब 197 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया, तब रूट क्रीज पर आए थे। इस अनुभवी बल्लेबाज ने 248 गेंदों का सामना किया और 150 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 चौके निकले। उन्हें रविंद्र जडेजा ने पवेलियन भेजा। उन्होंने पोप के साथ 231 गेंदों में 144 रन की साझेदारी निभाई। स्टोक्स (66) के साथ उन्होंने 219 गेंदों में 142 रन जोड़े। उन्होंने तीसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान पारी को शतक में तब्दील किया।
कप्तान
कप्तान स्टोक्स की पारी पर एक नजर
स्टोक्स ने 198 गेंदों का सामना किया और 141 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7,000 टेस्ट रन भी पूरे किए। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ दूसरा शतक रहा, जिसे उन्होंने 164 गेंदों में पूरा किया। स्टोक्स ने साल 2023 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया है। ब्रायडन कार्स के साथ स्टोक्स ने 97 गेंदों में 95 रन जोड़े।
बल्लेबाजी
क्रॉली और डकेट की पारी पर एक नजर
क्रॉली 113 गेंदों में 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। यह क्रॉली के टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा। उनकी पारी का अंत जडेजा ने किया। डकेट ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। तेजी से रन बटोरते हुए वह 100 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए। डकेट अपने टेस्ट करियर के 7वें शतक से चूक गए। इस जोड़ी ने 166 रन की साझेदारी की।
उपलब्धि
इंग्लैंड ने बनाया मैनचेस्टर में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर
इंग्लैंड ने मैनचेस्टर टेस्ट में भारत के खिलाफ 669 रन बनाकर अपने घरेलू टेस्ट इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया है। इससे पहले इंग्लैंड ने 1938 में द ओवल पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 903/7 रन बनाए थे, जो अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इसके अलावा 2011 में बर्मिंघम में भारत के खिलाफ 710/7, 1938 में नॉटिंघम में 658/8 और 1990 में लॉर्ड्स पर भारत के खिलाफ 653/4 रन बनाए थे। इंग्लैंड की ये पारियां ऐतिहासिक रही हैं।
स्कोर
मैनचेस्टर में इंग्लैंड का सबसे बड़ा स्कोर
ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट में इंग्लैंड ने 669 रन बनाए। इससे पहले इंग्लैंड ने साल 1934 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 627/9 रन बनाकर पारी घोषित की थी। वहीं, 1964 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही इंग्लैंड ने 611 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने इस पारी से कई बड़े रिकॉर्ड्स बना दिए हैं।