IPL 2021: रिशेड्यूल हो रहे टूर्नामेंट के लिए रिलीज नहीं किए जाएंगे इंग्लिश खिलाड़ी- एश्ले जाइल्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सितंबर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बचे हुए मैचों का आयोजन करने का प्लान बना रही है। हालांकि, उनके इस प्लान को इंग्लैंड एंड वेल्श क्रिकेट बोर्ड (ECB) से बड़ा झटका लग सकता है।
इंग्लैंड की पुरुष टीम के मैनेजिंग डॉयरेक्टर एश्ले जाइल्स ने कंफर्म किया है कि रिशेड्यूल हो रहे IPL में हिस्सा लेने के लिए इंग्लिश खिलाड़ियों को रिलीज नहीं किया जाएगा।
बयान
काफी व्यस्त है हमारा शेड्यूल- जाइल्स
इंडिया टुडे के मुताबिक जाइल्स ने कहा कि सितंबर में पांचवां टेस्ट खत्म होने के बाद भी उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है।
उन्होंने आगे कहा, "अगले कुछ दिनों में ही हम बांग्लादेश के लिए निकलने वाले हैं। इसके बाद से हमारा शेड्यूल लगातार व्यस्त रहेगा। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज और टी-20 विश्व कप में भी हमें हिस्सा लेना है। हमें कुछ खिलाड़ियों को ब्रेक भी देना पड़ेगा।"
ब्रेक
ब्रेक पाने वाले खिलाड़ी कहीं और जाकर क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे- जाइल्स
जाइल्स ने साफ किया कि खिलाड़ियों को ब्रेक देने का मतलब यह नहीं होगा कि उन्हें किसी और जगह जाकर क्रिकेट खेलने की छूट मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा, "हमें अब अपना शेड्यूल मैनेज करना होगा और हम कोशिश कर रहे हैं कि हमारे खिलाड़ी टी-20 विश्व कप और एशेज के लिए एकदम सही शेप में रहें।"
IPL का सीजन निलंबित होने के बाद ही जाइल्स ने इंग्लिश खिलाड़ियों का दोबारा इसमें शामिल होना मुश्किल बता दिया था।
IPL 2021
19 या 20 सितंबर से शुरु हो सकता है IPL
बीते मंगलवार को इंडिया टुडे के बोरिया मजूमदार ने बताया था कि IPL की शुरुआत 19 या 20 सितंबर को हो सकती है और इसका फाइनल 10 अक्टूबर को खेला जा सकता है। उन्होंने आगे बताया, "इंडियन क्रिकेट बोर्ड ECB से अपने दौरे के शेड्यूल में बदलाव करने के लिए नहीं कहेगा। खिलाड़ी 15 सितंबर को इंग्लैंड से दुबई आ सकते हैं। बबल से बबल में ट्रांसफर होने के कारण केवल तीन दिन का क्वारंटाइन करना होगा।"
इंग्लिश खिलाड़ी
IPL में शामिल थे कुल 14 इंग्लिश खिलाड़ी
यदि IPL में इंग्लिश खिलाड़ियों को हिस्सा लेने का मौका नहीं मिलता है तो मुंबई इंडियंस (MI) को छोड़कर अन्य सभी टीमों को नुकसान होगा। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए मोईन अली और सैम कर्रन ने इस सीजन अच्छा प्रदर्शन किया था।
इनके अलावा क्रिस वोक्स, सैम बिलिंग्स, टॉम कर्रन, क्रिस जॉर्डन, जेसन रॉय, इयोन मोर्गन, जॉनी बेयरेस्टो, जोस बटलर और डेविड मलान IPL में शामिल थे। बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर चोटिल होकर लीग से बाहर हुए थे।
जानकारी
बिना कोई मैच खेले लौट आए थे लिविंगस्टोन
इंग्लिश ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन राजस्थान रॉयल्स () के साथ जुड़े थे। उन्हें इस सीजन कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था और वह बबल की परेशानियों के कारण वापस स्वदेश लौट गए थे।