Page Loader
गाबा टेस्ट में इंग्लैंड पर 5 नहीं 8 अंकों का लगा जुर्माना- ICC
इंग्लैंड टीम को हुआ नुकसान

गाबा टेस्ट में इंग्लैंड पर 5 नहीं 8 अंकों का लगा जुर्माना- ICC

Dec 18, 2021
09:52 am

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंतर्गत एशेज सीरीज खेल रही इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही है। दरअसल, गाबा में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लिश टीम पर स्लो-ओवर रेट के चलते पांच अंको का जुर्माना लगाया गया था। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने स्पष्ट किया है कि इंग्लैंड के पांच नहीं बल्कि आठ अंक काटे गए हैं। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

जानकारी

इंग्लैंड ने निर्धारित समय में आठ ओवर्स कम किए थे- ICC

ICC ने साफ किया है कि पहले गाबा टेस्ट में शिकस्त झेलने वाली इंग्लैंड ने निर्धारित समय में आठ ओवर्स कम किए थे। जिसके चलते जो रूट की कप्तानी वाली मेहमान इंग्लैंड टीम के WTC के आठ अंक काट दिए गए हैं। इसके अलावा स्लो-ओवर रेट के लिए टीम के सभी खिलाड़ियों पर 100 प्रतिशत मैचफीस का जुर्माना भी लगाया गया है। हालांकि, ICC ने इससे पहले पांच अंको का जुर्माना (गलती से) लगाने की घोषणा की थी।

नियम

स्लो-ओवर रेट के लिए ICC द्वारा बनाया गया नियम

ICC द्वारा बनाए गए कोड ऑफ कंडक्ट में खिलाड़ी और खिलाड़ियों का सपोर्ट स्टॉफ भी आते हैं। इसके आर्टिकल 2.22 के अंतर्गत स्लो-ओवर रेट के अपराध आते हैं। इस नियम के तहत किसी टीम ने तय समय के अंदर जितने ओवर कम फेंके होते हैं उसके टीम के सदस्यों को प्रति ओवर के हिसाब से मैचफीस का 20 प्रतिशत जुर्माने के रूप में देना पड़ता है। कप्तान को बैन भी किया जा सकता है।

पॉइंट्स सिस्टम

इस प्रकार से मिलते हैं अंक

WTC चक्र के लिए प्वाइंट सिस्टम के अंतर्गत अब प्रत्येक मैच जीतने पर टीम को 12 अंक मिलते हैं। वहीं मैच के ड्रा होने की स्थिति में चार-चार अंक मिलते हैं। दूसरी तरफ अगर टेस्ट मैच टाई रहता है, तो दोनों टीमों को छह-छह अंक मिलेंगे। स्लो-ओवर रेट के लिए ICC ने प्रति ओवर एक अंक काटने का नियम बनाया है। इसी कारण इंग्लिश टीम के टेस्ट चैंपियनशिप अंकों में से आठ अंक काटे गए हैं।

तालिका

WTC तालिका में फिलहाल सातवें स्थान पर है इंग्लैंड

इससे पहले भारत के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज में भी इंग्लैंड की टीम पर स्लो-ओवर रेट के चलते दो अंको का जुर्माना लगा था। वहीं गलती दोहराने के बाद अब तक इंग्लैंड के कुल 10 अंक कट चुके हैं और सिर्फ छह अंक बचे हैं। इंग्लिश टीम ने WTC के दूसरे चक्र में अब तक सिर्फ एक टेस्ट जीता है और एक टेस्ट ड्रा कराने में कामयाब हुई है। इंग्लैंड के पास इस समय 10 प्रतिशत अंक हैं।

लेखा-जोखा

ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट से जीता गाबा टेस्ट

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड पहली पारी में केवल 147 रन ही बना सकी थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में ट्रेविस हेड (152) की बदौलत 425 रन बनाए थे। वहीं 278 रनों से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड दूसरी पारी में भी 297 रन ही बना सका। ऑस्ट्रेलिया ने 20 रनों के लक्ष्य को एक विकेट खोकर हासिल किया था। ऑस्ट्रेलिया से कमिंस ने मैच में सर्वाधिक सात विकेट हासिल किए। नाथन लियोन ने भी चार विकेट चटकाए।