भारत बनाम इंग्लैंड: बेयरस्टो-स्टोक्स की मदद से दूसरे वनडे में जीता इंग्लैंड, बने ये रिकार्ड्स

पुणे में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने भारत को छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। जीत के लिए मिले 337 रनों के बड़े लक्ष्य को इंग्लैंड ने जॉनी बेयरस्टो (124) और बेन स्टोक्स (99) की शानदार पारियों की बदौलत चार विकेट खोकर हासिल किया। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। मैच में बने रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
टॉस हारकर पहले खेलते हुए भारत ने केएल राहुल की 108 रनों की पारी की बदौलत 336/6 का बड़ा स्कोर बनाया। उनके अलावा कोहली (66) और ऋषभ पंत (77) ने अर्धशतक लगाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जॉनी बेयरस्टो ने तेज शतक (124) लगाया। इस बीच उन्होंने रॉय (55) के साथ 110 रन और स्टोक्स के साथ 175 रनों की साझेदारी कर मैच अपने पक्ष में किया। वहीं बेयरस्टो शतक से चूक गए और 99 रन बनाकर आउट हुए।
विराट कोहली ने 79 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने नंबर तीन पर खेलते हुए 10,000 रनों का आंकड़ा पार किया। इसके अलावा कोहली ने बतौर कप्तान रन बनाने के मामले में ग्रीम स्मिथ (150 मैच, 5,416 रन) को पीछे छोड़ा है। कोहली ने कप्तान के तौर पर अब तक 94 मैचों में 5,442 रन बना लिए हैं।
शिखर धवन (4) और रोहित शर्मा (25) के जल्दी आउट हो जाने के बाद 37 के टीम स्कोर पर केएल राहुल बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी करके टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। राहुल ने चौथे विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ मिलकर 113 रन जोड़े। उन्होंने 114 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की 108 रन बनाए।
ऋषभ पंत ने 40 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में 77 रन बनाए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में तीन चौके और सात छक्के लगाए। वह इंग्लैंड के खिलाफ एक वनडे पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम, दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और भारत के एम एस धोनी को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ छह-छह छक्के लगाए थे।
बेयरस्टो ने 112 गेंदों में 124 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 11 चौके और सात छक्के लगाए। इसके साथ ही बेयरस्टो ने अपने वनडे करियर का 11वां शतक लगाया। बता दें यह उनका भारत के खिलाफ दूसरा वनडे शतक हैं। बेयरस्टो ने अब भारत के खिलाफ वनडे में 500 से ज्यादा रन बना लिए हैं। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 50 चौके और 25 छक्के भी लगाए हैं।
बेन स्टोक्स ने 52 गेंदों में 99 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को इंग्लैंड के पक्ष में किया। वह 99 के स्कोर पर आउट होने वाले सिर्फ तीसरे इंग्लिश बल्लेबाज बने हैं। अपनी आक्रामक पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और 10 छक्के भी लगाए। वह भारत के खिलाफ एक पारी में दूसरे सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा छक्के भारत के खिलाफ सिर्फ एबी डिविलियर्स (11) ने लगाए हैं।
इंग्लैंड ने 337 रनों का बड़ा लक्ष्य 39 गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। इंग्लैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ 300 से अधिक रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया है। आज के मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 34 छक्के लगाए। यह तीसरा सर्वाधिक छक्के वाला मैच हो गया है। कुलदीप यादव ने आज के मैच में 10 ओवरों में 84 रन दिए। उन्होंने अपने वनडे करियर में आज के मैच में सबसे ज्यादा रन दिए हैं।