
इंग्लैंड बनाम भारत: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा 5वां टेस्ट शतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतकीय पारी (101) खेली है।
यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और इंग्लैंड की धरती पर पहला शतक रहा। इस टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने तीसरा शतक लगाया।
यशस्वी पहली गेंद से ही कमाल के आत्मविश्वास में नजर आए और शानदार तकनीक के साथ बल्लेबाजी की।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही यशस्वी की पारी
यशस्वी ने 144 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। वह 159 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 16 चौके और 1 छक्का निकला।
उन्होंने पहले विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 151 गेंदों में 91 रन की शानदार साझेदारी निभाई।
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल के साथ 164 गेंदों में 129 रन जोड़े।
शतक बनाने के बाद यशस्वी अपनी पारी को और बड़ा नहीं कर पाए। उन्हें बेन स्टोक्स ने आउट किया।
रिकॉर्ड
यशस्वी ने तोड़ा ये बड़ा रिकॉर्ड
यशस्वी अब 24 साल की उम्र से पहले इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने 6 बार यह कारनामा किया है।
पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 8 बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया था।
यशस्वी ने कपिल देव, रवि शास्त्री, मोहम्मद अजहरूद्दीन, दिलीप सरदेसाई और ऋषभ पंत को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 24 की उम्र से पहले 5-5 बार 50+ स्कोर बनाए थे।
सलामी बल्लेबाज
यशस्वी ने ये रिकॉर्ड्स भी किए अपने नाम
यशस्वी के बल्ले से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 5वां शतक निकला है। उन्होंने गिल और विराट कोहली की बराबरी कर ली है।
इन दोनों खिलाड़ियों के भी WTC में 5-5 शतक हैं। अब उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 9 शतक लगाए थे।
23 साल की उम्र तक विदेश में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में यशस्वी तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
सचिन (7) पहले और सुनील गावस्कर (4) दूसरे स्थान पर हैं।
बल्लेबाज
यशस्वी ने अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
यशस्वी पहले विदेशी खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों देशों में अपने पहले टेस्ट के दौरान शतक लगाया है।
23 साल की उम्र से पहले उन्होंने 4 देशों (भारत, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड) में टेस्ट शतक जड़ दिए हैं। यह कारनामा उनसे पहले सिर्फ सचिन ने 5 देशों में किया था।
हेडिंग्ले में वे तीसरे सबसे युवा भारतीय शतकवीर भी बन गए हैं। इस मैदान पर शतक जड़ने वाले वह एशिया के पहले सलामी बल्लेबाज भी बने हैं।
सूची
इस खास सूची में शामिल हुए यशस्वी
यशस्वी ने इस शतकीय पारी के साथ ही एक खास सूची में जगह बना ली है।
वह इंग्लैंड में अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक जड़ने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले मुरली विजय (146, 2014), विजय मांजरेकर (133, 1952), सौरव गांगुली (131, 1996) और संदीप पाटिल (129*, 1982) यह कारनामा कर चुके हैं।
उन्होंने SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 500 से ज्यादा रन भी पूरे कर लिए हैं।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ ऐसे हैं यशस्वी के आंकड़े
इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी ने अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 10 पारियों में 90.33 की औसत से 813 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं।
इस खिलाड़ी का इंग्लैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214* रन रहा है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इसी टीम के खिलाफ बनाए हैं।
दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम (266) है।
करियर
यशस्वी के टेस्ट करियर पर एक नजर
यशस्वी ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 20 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 37 पारियों में 54.25 की औसत के साथ 1,899 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 5 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ सोकर 214* रन रहा है।
इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में इस खिलाड़ी ने 5 मुकाबलों में 712 रन बनाए थे।