
इंग्लैंड बनाम भारत, टेस्ट सीरीज: ऋषभ पंत तोड़ सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी का ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होने जा रहा है।
इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के पास महेंद्र सिंह धोनी का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
इस वक्त टेस्ट क्रिकेट में भारतीय विकेटकीपरों के बीच सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पंत और धोनी बराबरी पर हैं।
ऐसे में आइए इससे जुड़े जरूरी आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
रिकॉर्ड
धोनी के नाम है 6 शतक
अगर पंत हेडिंग्ले, लीड्स में होने वाले पहले टेस्ट में शतक जड़ते हैं तो वह टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन जाएंगे।
धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए थे।
धोनी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रन है। उन्होंने यह पारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी। यह आज भी किसी भारतीय विकेटकीपर का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है।
SENA
SENA देशों में ऐसा रहा है दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन
पंत का विदेशी धरती पर प्रदर्शन शानदार रहा है, खासकर SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया है।
इन देशों में पंत अब तक 26 टेस्ट में 37.35 की औसत से 1,681 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड में 2, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में 1-1 शतक लगाए हैं।
धोनी ने SENA देशों में 32 टेस्ट में 31.47 की औसत से 1,731 रन बनाए, जिसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं
जानकारी
दोनों खिलाड़ियों ने पहला शतक छठी पारी में लगाया था
धोनी ने पहला टेस्ट शतक छठी पारी में लगाया था। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 148 रन की पारी खेली थी।दिलचस्प बात है कि पंत ने भी पहला शतक छठी पारी में जड़ा था। उन्होंने साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 114 रन बनाए थे।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ ऐसे हैं पंत के आंकड़े
इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने पहला टेस्ट मैच साल 2018 में खेला था। उन्होंने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं और इसकी 21 पारियों में 39.05 की औसत के साथ 781 रन बनाने में सफल रहे हैं।
पंत के बल्ले से 3 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन रहा है।
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन (879) ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।