LOADING...
एशेज 2023: बेन स्टोक्स ने 45 की औसत से बनाए 400 से ज्यादा रन, जानिए आंकड़े 
बेन स्टोक्स ने पूरी सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी की (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशेज 2023: बेन स्टोक्स ने 45 की औसत से बनाए 400 से ज्यादा रन, जानिए आंकड़े 

Jul 31, 2023
05:42 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। इंग्लैंड की टीम ने दोनों पारियों में बल्लेबाजी कर ली है। इस पूरी सीरीज में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का प्रदर्शन कमाल का रहा। उन्होंने 5 टेस्ट मैचों में 45 से ज्यादा की औसत से 400 से अधिक रन अपने नाम किए हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

एशेज 2023 में कैसा रहा स्टोक्स का प्रदर्शन?

स्टोक्स ने एशेज 2023 में 5 टेस्ट खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 45.06 की औसत के साथ 405 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 64.69 की रही। उन्होंने 155 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। 2023 की एशेज सीरीज में उनके बल्ले से 31 चौके और 15 छक्के निकले। जैक क्रॉली (480) और जो रूट (412) के बाद इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन स्टोक्स ने ही बनाए।

फॉर्म

कमाल की फॉर्म में रहे हैं स्टोक्स

स्टोक्स ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में 1 और 43 के स्कोर बनाए। दूसरे टेस्ट में स्टोक्स का बल्ला चमका और उन्होंने 17 और 155 के स्कोर बनाए। दूसरी पारी में वह इंग्लैंड की जीत के लिए लड़ते रहे। हालांकि, यह मैच टीम हार गई। तीसरे टेस्ट में स्टोक्स के बल्ले से 80 और 13 रन के स्कोर निकले। चौथे टेस्ट में उन्होंने 51 रन की पारी खेली। आखिरी टेस्ट में उन्होंने 3 और 42 के स्कोर बनाए।

आंकड़े

एशेज सीरीज में कैसे हैं स्टोक्स के आंकड़े?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ स्टोक्स ने पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। उन्होंने अब तक 24 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 45 पारियों में 36.32 की औसत से 1,562 रन बनाए हैं। इस दौरान 155 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 4 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं। स्टोक्स ने इस दौरान 55.42 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। स्टोक्स ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही बनाए हैं।

करियर

कैसा रहा है स्टोक्स का टेस्ट करियर?

स्टोक्स ने अपना पहला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2013 में खेला था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 97 मैच खेले हैं और इसकी 175 पारियों में 36.41 की औसत और 59.19 की स्ट्राइक रेट से 6,117 रन बनाए हैं। 258 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 13 शतक, 1 दोहरा शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। वह अपने टेस्ट करियर में 7 बार नाबाद भी रहे हैं।