डरबन टेस्ट: मैट रेनशॉ ने विराट कोहली का एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ डरबन टेस्ट की अपनी पहली पारी में 190 रन बनाए। वह अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाने से चूक गए। अपनी इस मैराथन पारी के दौरान उन्होंने कई अहम रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। इसी क्रम में उन्होंने विराट कोहली का एक दशक पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा। आइए इस रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं।
रिकॉर्ड
निचलेक्रम के बल्लेबाजों के साथ खेलते हुए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने रेनशॉ
रेनशॉ अब पुछल्ले बल्लेबाजों (टेलएंडर्स) के साथ मिलकर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी (2002 के बाद से) बन गए हैं।
उन्होंने निचलेक्रम के खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए 174 रन बनाए।
इससे पहले ये रिकॉर्ड कोहली के नाम पर दर्ज था। बता दें कि कोहली ने 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 235 रन की पारी खेली थी और इस बीच पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ 171 रन बनाए थे।
साझेदारी
रेनशॉ ने लियोन के साथ मिलकर की शतकीय साझेदारी
रेनशॉ ने लियोन के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की।
यह अब टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से 9वें या उससे निचले विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।
इस सूची में एश्टन एगर-फिल ह्यूज (163 रन बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2013) और जे ब्लैकहम-एस ग्रेगरी (154 रन बनाम इंग्लैंड, सिडनी, 1894) की जोड़ी उनसे आगे है।
यह दक्षिण अफ्रीका में 9वें या उससे निचले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।