दलीप ट्रॉफी 2022: यशस्वी जायसवाल ने लगाया दोहरा शतक, वेस्ट जोन की स्थिति मजबूत
क्या है खबर?
वेस्ट जोन के यशस्वी जायसवाल ने दलीप ट्रॉफी 2022 के फाइनल मुकाबले में साउथ जोन के खिलाफ दोहरा शतक लगा लिया है।
उनकी मैराथन पारी की बदौलत वेस्ट जोन ने अपनी दूसरी पारी में तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 376 रन बना लिए हैं और अपनी बढ़त को 319 रन का कर दिया है।
इससे पहले वेस्ट जोन के 270 रनों के जवाब में साउथ जोन ने अपनी पहली पारी में 327 रन बनाए थे।
पारी
फिलहाल 209 बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं जायसवाल
पारी की शुरुआत करने आए जायसवाल ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का दूसरा दोहरा शतक 235 गेंदों में पूरा कर लिया। उन्होंने न सिर्फ एक छोर संभाले रखा बल्कि तेजी से रन भी बटोरे। उन्होंने प्रियांक पांचाल (40) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े।
वहीं जायसवाल ने श्रेयस अय्यर (71) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 169 रन जोड़े।
वह दिन का खेल की समाप्ति तक 244 गेंदों में 209 रन बनाकर नाबाद हैं।
रिकॉर्ड्स
जायसवाल ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
जायसवाल फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट (20 वर्ष, 269 दिन) के फाइनल में दोहरा शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले वह पृथ्वी शॉ (2017-18), रवि शास्त्री (1981-82), और अजिंक्य रहाणे (2008-09) के बाद दलीप ट्रॉफी फाइनल में चौथे सबसे कम उम्र के शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने थे।
दिलचस्प बात यह है कि यशस्वी ने क्वार्टर फाइनल में भी दोहरा शतक जमाया था।
आंकड़े
फिलहाल इस सीजन में शीर्ष स्कोरर हैं जायसवाल
जायसवाल दलीप ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज चल रहे हैं। उन्होंने पांच पारियों में 110.25 की औसत से 441 रन बना लिए हैं। पृथ्वी शॉ दो मैचों में 315 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
जायसवाल अपने सीमित फर्स्ट क्लास करियर में बहुत प्रभावित किया है। वह इससे पहले रणजी ट्रॉफी 2022 के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में भी शतक लगा चुके हैं।
लेखा-जोखा
ऐसे रहा तीसरे दिन का खेल
हनुमा विहारी की कप्तानी वाली साउथ जोन ने कल के स्कोर 318/7 से आगे खेलना शुरू किया।
चिंतन गाजा और अतीत शेठ ने जल्दी ही अपनी आखिरी बल्लेबाजों को समेट दिया।
इसके बाद वेस्ट जोन के सलामी बल्लेबाज जायसवाल और पांचाल ने शतकीय साझेदारी की।
जायसवाल ने तीसरे सत्र में अपना दोहरा शतक पूरा किया।
तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक जायसवाल (209*) और सरफराज खान (30*) वापस नाबाद लौटे हैं।