Page Loader
क्या धोनी के साथ रिटायर हो जाएगी सात नंबर जर्सी? दिनेश कार्तिक की BCCI से मांग

क्या धोनी के साथ रिटायर हो जाएगी सात नंबर जर्सी? दिनेश कार्तिक की BCCI से मांग

लेखन Neeraj Pandey
Aug 17, 2020
08:00 am

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त की शाम को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 15 साल के करियर में धोनी ने खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर खूब सफलता हासिल की है। अब जब धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है तो उनके सात नंबर जर्सी को रिटायर करने की मांग भी तेज हो गई है। खुद दिनेश कार्तिक ने भी इस चीज की मांग की है।

बयान

उम्मीद है कि सात नंबर जर्सी को रिटायर करेगी BCCI- कार्तिक

2019 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद की धोनी के साथ अपनी फोटो पोस्ट करते हुए कार्तिक ने लिखा, 'विश्व कप सेमीफाइनल के बाद यह ली गई आखिरी फोटो है। इस सफर के दौरान कई यादगार लम्हें आए हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि BCCI सफेद गेंद की क्रिकेट में सात नंबर की जर्सी को भी रिटायर करेगी।' बता दें कि कार्तिक ने धोनी से तीन महीने पहले अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

प्रतिक्रिया

जर्सी रिटायर करके सम्मान पाने के हकदार हैं धोनी- पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट कप्तान

जर्सी रिटायर करने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हए BCCI अपेक्स काउंसिल की सदस्य और पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम कप्तान शांथा रंगास्वामी ने कहा कि धोनी इस सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने PTI से कहा, "खिलाड़ी और कप्तान दोनों के रूप में उनका योगदान अदभुत रहा है। इस चीज के ध्यान में रखते हुए जर्सी को रिटायर करने सही सम्मान देना होगा। वह निश्चित तौर पर इसके हकदार हैं।"

10 नंबर जर्सी

अब तक केवल एक जर्सी को किया गया है रिटायर

भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक केवल सचिन तेंदुलकर की जर्सी को ही रिटायर किया गया है। श्रीलंका दौरे पर शार्दुल ठाकुर ने 10 नंबर की जर्सी में अपना डेब्यू किया और इसके बाद BCCI को फैंस के गुस्से का शिकार होना पड़ा था। 2013 में सचिन के संन्यास लेने के बाद 2017 में बोर्ड ने उनकी 10 नंबर जर्सी को रिटायर करने का फैसला लिया था।

धोनी के फैंस

ट्विटर पर धोनी के फैंस ने भी तेज की जर्सी रिटायर करने की मांग

ट्विटर पर धोनी के फैंस #RetireTheNumber7Jersey हैशटैग के साथ ट्वीट करके जर्सी रिटायर करने की मांग को तेज कर रहे हैं। धोनी के फैनपेज ट्विटर हैंडल DHONIsm, जिसके फॉलोवर्स की संख्या 10 लाख है, ने भी जर्सी रिटायर करने की मांग को लेकर ट्वीट किया है। यह बात किसी से छिपी नहीं है कि सोशल मीडिया पर धोनी के फैंस की संख्या काफी ज़्यादा है और जल्द ही हमें यह हैशटैग ट्रेंड करता दिख सकता है।