Page Loader
31 जुलाई से कश्मीर में पैट्रोलिंग करेंगे धोनी, जवानों के साथ लेंगे ट्रेनिंग

31 जुलाई से कश्मीर में पैट्रोलिंग करेंगे धोनी, जवानों के साथ लेंगे ट्रेनिंग

लेखन Neeraj Pandey
Jul 25, 2019
04:08 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम के चुनाव से पहले ही पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने खुद को दौरे के लिए अनुपलब्ध बता दिया था। धोनी ने कह दिया था कि वह 2 महीने तक सेना के साथ रहेंगे और पैरा सैन्य रेजिमेंट के साथ रहेंगे। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी जल्द ही कश्मीर में सेना की वर्दी में पैट्रोलिंग करते नजर आएंगे। 31 जुलाई से धोनी विक्टर फोर्स का हिस्सा होंगे।

ट्रेनिंग

अन्य जवानों की तरह ट्रेनिंग और जीवन बिताएंगे धोनी

विश्व कप 2019 से भारत के बाहर होने के बाद धोनी ने क्रिकेट से 2 महीने का ब्रेक लिया था और इच्छा जाहिर की थी कि वह अपने रेजिमेंट के साथ ड्यूटी करना चाहते हैं। आर्मी द्वारा अप्रूव कर दिए जाने के बाद 38 वर्षीय धोनी कश्मीर में पैट्रोल करेंगे और अपनी ड्यूटी निभाएंगे। सूत्रों के मुताबिक धोनी आम जवानों की तरह ट्रेनिंग लेंगे और उनकी तरह ही रहेंगे।

2011

2011 में सेना में शामिल किए गए थे धोनी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी को क्रिकेट में उनकी उपलब्धियों के कारण 2011 में प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक से नवाज़ा गया था। धोनी यह सम्मान पाने वाले कपिल देव के बाद दूसरे भारतीय क्रिकेटर हैं। धोनी को सेना ने यह रैंक इसलिए दी थी, जिससे युवा उनसे प्रेरित हो कर सेनी में शामिल हों। बता दें कि धोनी का सपना सेना में अधिकारी बनना ही था।

संन्यास

विश्व कप से बाहर होने के बाद धोनी के संन्यास की खबरें जोर पर थीं

विश्व कप से भारत के बाहर होने के बाद धोनी के संन्यास को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं कि धोनी जल्द ही संन्यास की घोषणा कर देंगे। हालांकि, धोनी ने संन्यास नहीं लिया और एमएसके प्रसाद का भी कहना है कि फिलहाल धोनी संन्यास नहीं लेने वाले हैं। इन सब बातों के बीच एक बात और साफ हो चुकी है कि रिषभ पंत को भविष्य का विकेटकीपर मान लिया गया है।

शेड्यूल

भारत के वेस्टइंडीज दौरे का पूरा शेड्यूल

पहला टी-20- 3 अगस्त। दूसरा टी-20- 4 अगस्त। तीसरा टी-20- 6 अगस्त। पहला वनडे- 8 अगस्त। दूसरा वनडे- 11 अगस्त। तीसरा वनडे- 14 अगस्त। पहला टेस्ट- 22-26 अगस्त तक। दूसरा टेस्ट- 30 अगस्त से 3 सितंबर तक।