Page Loader
एमएसके प्रसाद ने बताया, विश्वकप के बाद धोनी की जगह पंत को क्यों बैक किया गया

एमएसके प्रसाद ने बताया, विश्वकप के बाद धोनी की जगह पंत को क्यों बैक किया गया

लेखन Neeraj Pandey
May 02, 2020
08:41 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी ने विश्व क्रिकेट में खूब नाम कमाया है, लेकिन उनके करियर का अंतिम समय काफी रहस्यमय होता जा रहा है। 2019 विश्वकप सेमीफाइनल में आखिरी बार प्रतियोगी क्रिकेट खेलने वाले धोनी का भविष्य किसी को नहीं पता है। हालांकि, पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का कहना है कि धोनी कुछ समय के लिए नहीं खेलना चाहते थे और इसी कारण ऋषभ पंत को चुना गया।

बयान

कुछ समय खेलना नहीं चाहते थे धोनी- प्रसाद

विश्वकप सेमीफाइनल की हार के बाद धोनी के छुट्टी पर जाने को लेकर फैनकोड के साथ एक इंटरव्यू में प्रसाद ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा, "मैंने इसे एकदम साफ कर दिया था। हमने बातचीत की थी और माही कुछ समय के लिए नहीं खेलना चाहता था। इसके बाद हम आगे बढ़ गए और हमने पंत को चुना और उन्हें बैक करना शुरु कर दिया।" प्रसाद ने यह भी कहा कि अब धोनी की वापसी काफी कठिन होगी।

राय

नेहरा, गावस्कर और चोपड़ा को लगता है कि भारत के लिए दोबारा नहीं खेलेंगे धोनी

पूर्व महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर को लगता है कि धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेल लिया है। आशीष नेहरा ने हाल ही में द टेलीग्राफ से कहा था कि धोनी अब भारत के लिए दोबारा नहीं खेलेंगे, लेकिन क्या पता वह कोई सरप्राइज दे दें। पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान क्रिकेट एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा को लगता है कि धोनी धीरे से भारतीय क्रिकेट टीम से दूर हो गए हैं।

घटनाएं

पिछले नौ महीनों में धोनी के साथ क्या-क्या हुआ?

विश्वकप सेमीफाइनल के बाद धोनी ने छुट्टी ली थी और खुद को वेस्टइंडीज दौरे के लिए उपलब्ध नहीं बताया था। इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज़ के लिए उपलब्ध नहीं थे। धोनी लगातार खुद को मैदान से दूर रख रहे थे और इसी बीच बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (BCCI) ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी। लंबे समय से भारत के लिए नहीं खेलने के कारण धोनी इस लिस्ट से बाहर हो गए।

संन्यास

फिलहाल संन्यास लेने के मूड में नहीं हैं धोनी

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कहा था कि धोनी अभी दो-तीन साल तक IPL खेल सकते हैं और धोनी भी उनकी बात को सच साबित करने की कोशिश में लगे हैं। कोरोना वायरस के कारण ट्रेनिंग कैंप बंद होने से पहले धोनी ने CSK के साथ जमकर नेट प्रैक्टिस की थी। अभ्यास मैचों के दौरान उनकी रनिंग शानदार थी और वह खूब लंबे-लंबे छक्के लगाते हुए संकेत दे रहे थे कि फिलहाल वह संन्यास नहीं लेने वाले हैं।