धनंजय डी सिल्वा लगातार दूसरा शतक जड़ने से चूके, खेली 82 रन की जुझारू पारी
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन धनंजय डी सिल्वा ने शानदार 82 रन की पारी खेली।
उन्होंने पहली पारी में शानदार शतक भी लगाया था। धनंजय को छोड़कर श्रीलंका के लिए कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
उन्हें शाहीन अफरीदी ने पवेलियन भेजा। धनंजय की इस पारी के ही बदौलत श्रीलंका ने दूसरी पारी में 130 रन की बढ़त हासिल की।
आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
कैसी रही धनंजय की पारी?
श्रीलंका ने एक समय अपनी दूसरी पारी में 159 रन तक 5 विकेट खो दिए थे। उसके बाद धनंजय बल्लेबाजी करने आए थे।
उन्होंने 118 गेंद का सामना किया और 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 82 रन बनाए।
इस दौरान उन्होंने 69.49 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने दिनेश चांदीमल के साथ 60 और रमेश मेंडिस के साथ 76 रन की साझेदारी निभाई।
चांदीमल 28 और रमेश 42 रन बनाकर आउट हुए।
शतक
पहली पारी में लगाया था शानदार शतक
धनंजय ने मैच की पहली पारी में 122 रन की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 214 गेंदों का सामना किया और 12 चौके के साथ 3 छक्के भी लगाए थे।
इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 57.01 की रही थी। यह उनके टेस्ट करियर का 10वां शतक था।
धनंजय ने पहली पारी में 5वें विकेट के लिए साथी खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज (64) के साथ मिलकर 198 गेंदों में 131 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई थी।
करियर
कैसा रहा है धनंजय का टेस्ट करियर?
दाएं हाथ के बल्लेबाज धनंजय ने अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में अब तक 50 मैच खेले हैं।
89 पारियों में वह अब तक 38 से ज्यादा की औसत से 3,200 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
वह 10 शतकों के अलावा अब तक 12 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। टेस्ट में उनका उच्चतम स्कोर 173 रन का है।
टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 56.35 की औसत और 3.33 की इकॉनमी रेट से अब तक 34 विकेट भी लिए हैं।
पारी
कैसी रही श्रीलंका की दूसरी पारी?
श्रीलंका की दूसरी पारी 279 रन पर खत्म हुई। उन्होंने पाकिस्तान को जीत के लिए 131 रन का लक्ष्य दिया है।
धनंजय के अलावा दूसरी पारी में निशान मदुश्का ने 115 गेंद का सामना करते हुए 52 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी स्ट्राइक रेट 45.22 की रही।
पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद और नोमान अली ने 3-3 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी और आघा सलमान ने 2-2 विकेट झटके।