Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
डेवोन कॉनवे शानदार फॉर्म में चल रहे हैं (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Oct 24, 2024
02:08 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन डेवोन कॉनवे ने शानदार पारी (76) खेली। वह अपने शतक से 24 रन दूर थे तभी रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर वह ऋषभ पंत को कैच दे बैठे। कॉनवे ने लगातार दूसरे टेस्ट में अर्धशतकीय पारी खेली। पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 91 रन बनाए थे। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही कॉनवे की पारी और साझेदारी?

कॉनवे ने 141 गेंदों का सामना किया और 76 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके निकले। पहले विकेट के लिए टॉम लैथम के साथ उन्होंने 32 रन, दूसरे विकेट के लिए विल यंग के साथ 44 रन और रचिन रविंद्र के साथ उन्होंने 117 गेंदों में 62 रन की साझेदारी निभाई। कॉनवे के टेस्ट करियर का यह 11वां अर्धशतक रहा। भारत के खिलाफ इस स्टार खिलाड़ी ने तीसरा अर्धशतक जड़ा है।

भारत

भारत के खिलाफ 50 से ज्यादा की औसत से बनाते हैं रन 

कॉनवे ने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट साल 2021 में खेला था। अब तक उन्होंने 3 टेस्ट खेले हैं। इसकी 5 पारी में 51.40 की औसत से 257 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। कॉनवे का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन है। भारतीय सरजमीं पर इस खिलाड़ी ने 2 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 61.33 की औसत से 184 रन बनाए हैं। अब तक वह भारत के खिलाफ शतक नहीं जड़ पाए हैं।

जीत

36 साल बाद भारतीय सरजमीं पर मिली थी न्यूजीलैंड को जीत 

कीवी टीम ने पहला टेस्ट मुकाबला 8 विकेट से जीता था। इस जीत में कॉनवे की 91 रन की पारी का बहुत बड़ा योगदान था। कॉनवे ने 105 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले थे। भारतीय सरजमीं पर साल 1988 के बाद न्यूजीलैंड की यह पहली टेस्ट जीत थी। 36 साल पहले वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 136 रन से जीत मिली थी।

करियर

कॉनवे के टेस्ट करियर पर एक नजर 

कॉनवे ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2021 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 24 टेस्ट खेले हैं। इसकी 44 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 41.20 की औसत से 1,772 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 200 रन रहा है। कॉनवे ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन (597) इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।