पहला अनौपचारिक टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल दोहरे शतक से चूके, न्यूजीलैंड-A के खिलाफ बनाए 199 रन
क्या है खबर?
बर्ट सटक्लिफ ओवल, लिंकन में न्यूजीलैंड-A के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंडिया-A की दूसरी पारी में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 199 रन की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पडिक्कल महज एक रन से दोहरा शतक बनाने से चूक गए। हालांकि, पहली पारी में उनका बल्ला खामोश रहा था। वह 77 गेंदों में 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।
पारी
ऐसी रही पडिक्कल की शानदार पारी और साझेदारी
इंडिया-A की पहली पारी सिर्फ 39.3 ओवर में सिर्फ 113 रन पर समाप्त हुई थी। जवाब में न्यूजीलैंड-A ने पहली पारी में 317 रन बना दिए थे।
दूसरी पारी में भी इंडिया-A को शुरुआती झटके लगे और एक समय टीम का स्कोर 10/2 का था। यहां से पडिक्कल ने पारी संभाली।
उन्होंने 248 गेंदों का सामना किया और 199 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 24 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 80.24 की रही।
साझेदारी
साई सुदर्शन शतक से चूके, पडिक्कल के साथ शानदार साझेदारी निभाई
साई सुदर्शन और पडिक्कल के बीच 340 गेंदों में 215 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई। सुदर्शन ने 184 गेंदों का सामना किया और 91 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके बल्ले से 12 चौके निकले।
इसके अलावा पडिक्कल ने यश राठौड़ के साथ 142 गेंदों में 142 रन जोड़े।
यश ने 72 गेंदों का सामना किया और 66 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले। उन्होंने 91.67 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
इंडिया-A
पडिक्कल ने इंडिया-A के लिए पूरे किए 1,000 रन
इस पारी के दौरान पडिक्कल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इंडिया-A के लिए 1,000 रन भी पूरे कर लिए। टीम के लिए 16 मैचों में यह उनका तीसरा शतक रहा।
इंडिया-A के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका यह सर्वोच्च भी है।
इससे पहले, पडिक्कल ने इसी साल रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक क्रिकेट टीम के लिए खेलते हुए उत्तराखंड के खिलाफ 232 रन बनाए थे।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ भी शतकीय पारी खेली थी।
प्रथम श्रेणी
पडिक्कल के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर
पडिक्कल ने साल 2018 में अपना पहला प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था। 26 साल के इस बल्लेबाज ने अब तक 62 मैचों की 103 पारियों में करीब 45 की औसत से 4,540 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक निकले हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए उन्होंने 4 टेस्ट की 6 पारियों में 69.66 की औसत से 418 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और एक अर्धशतक लगाया है। उनका सर्वोच्च स्कोर 167 रन है।