टेनिस: जापान की नाओमी ओसाका के आंकड़ों और उपलब्धियों पर एक नजर
जापान की नाओमी ओसाका ने US ओपन से पहले, नेशनल बैंक ओपन हार्ड-कोर्ट टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी को टोक्यो 2020 ओलंपिक में मार्केटा वोंद्रोसोवा से तीसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले ओसाका फ्रेंच ओपन के पहले दौर के मैच के बाद भी हट गई थी, वह US ओपन में अच्छी वापसी करना चाहेगी। हम उनके करियर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
ऐसा रहा है ओसाका का करियर
ओसाका का करियर में जीत-हार का रिकॉर्ड 247-137 का है। वह चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। जापानी स्टार ने 2018 में US ओपन जीतकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता था। इसके बाद ओसाका ने पेट्रा क्वितोवा को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2019 जीता। उन्होंने 2020 में अपना दूसरा US ओपन खिताब जीता। इस साल की शुरुआत में ओसाका ने जेनिफर ब्रैडी को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था।
ओसाका ने लगातार दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीते
2018 में, ओसाका ने सेरेना विलियम्स को हराकर US ओपन जीता। इसके ठीक बाद उन्होंने 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन को अपने नाम किया। ओसाका एक के बाद एक ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में लगातार दो एकल खिताब जीतने वाली, जेनिफर कैप्रियाती (2001) के बाद पहली खिलाड़ी बनीं। इसके अलावा वह 2015 में सेरेना विलियम्स के बाद लगातार प्रमुख एकल खिताब जीतने वाली पहली महिला भी बनीं।
तीन साल में जीता दूसरा US ओपन खिताब
2020 में चौथी वरीयता प्राप्त ओसाका ने अपना दूसरा US ओपन खिताब जीता था। वह वर्जीनिया वेड, जेनिफर कैप्रियाती, लिंडसे डेवनपोर्ट और मोनिका सेलेस के बाद ओपन एरा में अपने करियर के पहले तीन प्रमुख फाइनल जीतने वाली केवल पांचवीं महिला बनीं थी । इसके अलावा ओसाका तीन ग्रैंड ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाली पहली एशियाई खिलाड़ी (पुरुष या महिला) भी बनीं।
पहले चार ग्रैंड स्लैम फाइनल जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी बनी (ओपन एरा)
2021 ऑस्ट्रेलियन ओपन में, ओसाका ने अनास्तासिया पाव्लुचेनकोवा, कैरोलिन गार्सिया, ओन्स जबूर, हसीह सु-वेई (क्वार्टर-फाइनल), सेरेना विलियम्स (सेमी-फाइनल) और जेनिफर ब्रैडी (फाइनल) पर सीधे सेटों में जीत दर्ज की। ओसाका ने टूर्नामेंट के दौरान केवल एक सेट गंवाया। अपना दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतकर, ओसाका रोजर फेडरर और मोनिका सेलेस के बाद अपने पहले चार ग्रैंड स्लैम फाइनल जीतने वाली तीसरी खिलाड़ी (ओपन एरा) बन गईं।
ओसाका की अन्य उपलब्धियां
ओसाका, ग्रैंड स्लैम एकल खिताब (US ओपन, 2018) जीतने वाली पहली जापानी खिलाड़ी बनीं। 2019 ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद, ओसाका शीर्ष रैंक की खिलाड़ी बनी थी। इसके साथ ही वह शीर्ष रैंकिंग (एकल) रखने वाली पहली एशियाई खिलाड़ी बनीं। टोक्यो खेलों में, ओसाका उद्घाटन समारोह के दौरान ओलंपिक कड़ाही को रोशन करने वाली पहली टेनिस खिलाड़ी बनीं हैं।