Page Loader
DC बनाम MI: करुण नायर ने खेली अपने IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए आंकड़े
करुण नायर ने खेली तूफानी अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

DC बनाम MI: करुण नायर ने खेली अपने IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए आंकड़े

Apr 13, 2025
10:57 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 29वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज करुण नायर ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (89) खेली। यह उनके IPL करियर का 11 और MI के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 22 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही DC की टीम को शानदार शुरुआत मिली और वह पूरे समय मैच में बनी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही नायर की पारी और साझेदारी?

DC को 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली गेंद पर जेक फ्रेजर-मैक्गर्क (0) के रूप में पहला झटका लग गया था। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए नायर ने अभिषेक पोरेल (33) के साथ 61 गेंदों में 119 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। इस दौरान नायर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया। नायर अपनी पारी में 40 गेदों में 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए।

करियर

कैसा रहा है नायर का IPL करियर?

नायर ने 2013 में MI के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक इस लीग में 77 मैच खेले चुके हैं, जिसकी 69 पारियों में उन्होंने 24.77 की औसत और 130.88 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,585 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने कुल 11 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 83 रन का था। वह 173 चौके और 44 छक्के जड़ चुके हैं।