Page Loader
IPL 2024: जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने अपने नाम किए ये बड़े रिकॉर्ड्स 
जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने IPL 2024 में किया है यादगार प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने अपने नाम किए ये बड़े रिकॉर्ड्स 

May 17, 2024
07:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम भले ही प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने से चूक गई हो, लेकिन उसके स्टार युवा सलामी बल्लेबाजी जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने अपनी अहम छाप छोड़ी है। अपना पहला IPL खेलते हुए इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने एक के बाद एक आकर्षक पारियां खेलीं और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह अपने सनसनीखेज प्रदर्शन से दर्शकों में चर्चित हो गए हैं। आइए IPL 2024 में उनके रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

#1

IPL इतिहास में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

फ्रेजर-मैक्गर्क ने 9 मैचों में 36.66 के प्रभावशाली औसत से 330 रन बनाकर सीजन का समापन किया। इसमें 4 अर्धशतक शामिल रहे। इन अर्धशतकों में से 3 तो उन्होंने केवल 19 या उससे कम गेंदों में पूरे किए हैं। उन्होंने 234.04 की आश्चर्यजनक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। चौंकाने वाली बात ये है कि IPL में न्यूनतम 300 रन बनाने वाले किसी अन्य खिलाड़ी की स्ट्राइक रेट 180 की भी नहीं है। ट्रेविस हेड (179.13) उनसे पीछे हैं।

#2

यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र बल्लेबाज

फ्रेजर-मैक्गर्क ने गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैचों में 15 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह DC के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। इसी तरह फ्रेजर-मैक्गर्क 15 या उससे कम गेंदों में 2 IPL अर्द्धशतक बनाने वाले भी इकलौते बल्लेबाज हैं। कुल मिलाकर, इस धुरंधर खिलाड़ी ने IPL में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया है।

#3

पावरप्ले में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर

फ्रेजर-मैक्गर्क ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच में छठे ओवर के अंत तक 24 गेंदों पर 78 रन बना लिए थे। इस प्रकार उन्होंने एक IPL पारी में पावरप्ले में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी अपने नाम कर लिया। वह इस मामले में अब केवल साल 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 87 रन बनाने वाले सुरेश रैना और इसी संस्करण में DC के खिलाफ पावरप्ले में 84 रन बनाने वाले हेड से पीछे हैं।

#4

पावरप्ले में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

फ्रेजर-मैक्गर्क के रनों का एक बड़ा हिस्सा पावरप्ले में ही आया है। उन्होंने पावरप्ले में 250.94 की अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 106 गेंदों पर 266 रन अपने नाम किए हैं। इस चरण में कम से कम 200 IPL रन बनाने वाले बल्लेबाजों में हेड (205.18) 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट वाला एकमात्र अन्य बल्लेबाज है। इन दोनों के अलावा किसी अन्य बल्लेबाज की स्ट्राइक रेट 190 तक भी नहीं पहुंची है।