DC के कोच सौरव गांगुली का बड़ा खुलासा, कहा- टीमों ने अक्षर में दिखाई थी रुचि
क्या है खबर?
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल टीम के लिए अप्रतिस्थापनीय हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 रिटेंशन डे से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) समेत कई फ्रेंचाइजियों ने अक्षर को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने सभी प्रस्तावों को सिरे से खारिज कर दिया और उन्हें अपनी टीम में बरकरार रखा है। आइए गांगुली का पूरा बयान जानते हैं।
बयान
गांगुली ने क्या दिया बयान?
गांगुली ने जियोस्टार पर कहा, "DC में अक्षर पटेल की जगह कोई नहीं ले सकता। हां, कुछ लोगों ने उनके बारे में पूछा था, लेकिन हम भी ऐसे खिलाड़ियों के लिए पूछने गए थे जिनके बारे में हमें पता था कि उन्हें रिलीज नहीं किया जाएगा। IPL ट्रेड विंडो के दौरान चीजें इसी तरह काम करती हैं। हालांकि, जब अक्षर और आशुतोष शर्मा की बात आई, तो हमारा जवाब सीधा ना में था। वे हमारी टीम का अभिन्न हिस्सा हैं।"
सोच
रिटेंशन की सोच और ऋषभ पंत की वापसी
गांगुली ने टीम चयन की रणनीति पर कहा, "यह हर चीज का मिश्रण है। जैसे पिछले वर्षों का प्रदर्शन, फ्रेंचाइजी को आगे क्या चाहिए और वह किसे IPL में मैच जीतने के लिए पर्याप्त अच्छा मानती है।"
ऋषभ पंत की टीम में वापसी पर खुशी जताते हुए गांगुली ने कहा, "ऋषभ पंत का दिल्ली कैपिटल्स में वापस आना बहुत अच्छा है। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मुझे फ्रेंचाइजी की किस्मत बदलने का पूरा भरोसा है।"
प्रदर्शन
अक्षर की कप्तानी और पिछला प्रदर्शन
अक्षर को IPL 2025 से पहले रिटेन कर टीम का कप्तान बनाया गया था।
हालांकि, पिछला सीजन उनके लिए कुछ खास नहीं रहा था, जहां उन्होंने 14 मैचों में 11 विकेट लिए और 153 रन बनाए थे। दिल्ली प्लेऑफ में नहीं पहुच पाई थी।
DC ने कुल 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और 9 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। रिलीज किए गए प्रमुख खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी शामिल हैं, जो अगला IPL सीजन नहीं खेलेंगे।