Loading...
डेविड वार्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर जुर्माना, कार में लगवानी होगी इंटरलॉक डिवाइस
डेविड वार्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर जुर्माना लगाया गया है

डेविड वार्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर जुर्माना, कार में लगवानी होगी इंटरलॉक डिवाइस

Aug 18, 2026
03:40 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज डेविड वार्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में दोषी पाए जाने के बाद 1,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग एक लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। यह घटना ईस्टर संडे के दिन सिडनी के बाहरी इलाके में घटी, जहां एक रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग (सांस की जांच) के दौरान वॉर्नर को पकड़ा गया था। जांच में उनके खून में अल्कोहल का स्तर 0.104 पाया गया, जो कि कानूनी सीमा से दोगुनी से अधिक है।

प्रयास

वार्नर ने कार्रवाई से बचने के लिए किया था सीट बदलने का प्रयास

वेवरली स्थानीय कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आया कि वार्नर ने सड़क किनारे पुलिस जांच को देखकर अपनी कार रोक दी और बगल में बैठी एक महिला सह-यात्री के साथ सीट बदलने का प्रयास किया।

वर्तमान में बिग बैश लीग (BBL) की टीम सिडनी थंडर के कप्तान वार्नर ने पिछले महीने ही कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया था और माना था कि गाड़ी चलाने से पहले उन्होंने तीन ग्लास सफेद वाइन पी थी।

फैसला

कोर्ट ने वार्नर को दिए कार में इंटरलॉक डिवाइस लगाने के आदेश

न्यायाधीश क्लेयर फार्नन ने कहा कि वह मानती हैं कि वार्नर द्वारा दोबारा अपराध करने की संभावना नहीं है, लेकिन उन्होंने माना कि न्यू साउथ वेल्स में शराब पीकर गाड़ी चलाना अभी भी दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है।

अब वार्नर को जुर्माने के साथ 12 महीने के लिए अपनी कार में इंटरलॉक डिवाइस लगानी होगी।

यह एक ऐसा सुरक्षा उपकरण है, जो कार चालक के सिस्टम में अल्कोहल का पता चलने पर गाड़ी को स्टार्ट होने से रोकता है।

ADVERTISEMENT

प्रभाव

करियर और विज्ञापनों पर असर

फैसले से पहले वार्नर के वकील अवैस अहमद ने कहा था कि मीडिया कवरेज के कारण उनके मुवक्किल को पहले ही काफी नुकसान उठाना पड़ा है और उनके करियर और व्यावसायिक विज्ञापन प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए उन्हें सजा से छूट दी जानी चाहिए।

हालांकि, कोर्ट ने इस दलील को नहीं माना।

विशेष बात यह है कि सिडनी थंडर की टीम खुद न्यू साउथ वेल्स सरकार के 'ड्रिंक-ड्राइविंग विरोधी अभियान' का हिस्सा है।

ADVERTISEMENT

करियर

कैसा रहा है वार्नर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर?

वार्नर ने साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले लिया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

वर्तमान में वह फॉक्स स्पोर्ट्स ऑस्ट्रेलिया के लिए बतौर कमेंटेटर काम कर रहे हैं और विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में सक्रिय हैं।

वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में कराची किंग्स और BBL में सिडनी थंडर के कप्तान हैं। इस घटना से वह काफी निराश हैं।

ADVERTISEMENT