LOADING...
डेविड वार्नर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
डेविड वार्नर ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@CricketAus)

डेविड वार्नर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

Jun 06, 2024
11:48 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के 10वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कंगारू टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच को पीछे छोड़ा है। ओमान क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले में इस खिलाड़ी ने शानदार अर्धशतक भी लगाया। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

नजर

पहले स्थान पर पहुंचे वार्नर 

वार्नर सभी प्रारूपों में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ रहे हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए 3,000 से अधिक रन बनाने वाले केवल 2 खिलाड़ियों में से एक हैं। वार्नर के नाम वर्तमान में 3,155 रन हैं। उन्होंने फिंच (3,120) को पीछे छोड़ा है। तीसरे स्थान पर ग्लेन मैक्सवेल हैं, जिनके बल्ले से 2,468 रन निकले हैं। इन खिलाड़ियों के अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई भी बल्लेबाज 2,000 रन भी नहीं बना पाया है।

पारी 

कैसी रही वार्नर की पारी?

ओमान के खिलाफ मुकाबले में वार्नर ने टी-20 विश्व कप में अपना 7वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने मैच में 51 गेंद का सामना किया और 56 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 109.80 की रही। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने अब तक 35 मैच खेले हैं और इसकी 35 पारियों में 26.12 की औसत और 131.40 की स्ट्राइक रेट से 862 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन रहा है।

Advertisement

रन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में वार्नर 7वें स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा रन सिर्फ मोहम्मद रिजवान (3,203), मार्टिन गुप्टिल (3,531), पॉल स्टर्लिंग (3,591), बाबर आजम (4,023), रोहित शर्मा (4,026) और विराट कोहली (4,038) ने बनाए हैं। वार्नर अपने करियर का यह आखिरी विश्व कप खेल रहे हैं। इसके बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। ऐसे में यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है वार्नर का अंतरराष्ट्रीय करियर?

वार्नर ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक कंगारू टीम के लिए 104 मुकाबले खेले हैं और इसकी 104 पारियों में 33.92 की शानदार औसत और 141.92 की अच्छी स्ट्राइक रेट से 3,155 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस स्टार खिलाड़ी के बल्ले से 27 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100* रन रहा है।

Advertisement