भारत के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ कराने से खुश हैं डेरिल मिचेल, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जुझारू साझेदारी की बदौलत मेजबान टीम वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में सफल रही। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 239/5 का स्कोर बनाया। इस दौरान मिचेल (49*) और फिलिप्स (26*) ने 43.1 ओवरों तक भारतीय गेंदबाजों विकेट के लिए तरसाए रखा। अब इस ड्रॉ पर मिचेल ने अहम बयान दिया है।
बयान
मिचेल ने क्या दिया बयान?
मिचेल ने क्रिकइंफो से कहा, "मुझे लगता है कि जितना संभव हो सके वर्तमान में रहने, गेंद को ध्यान से देखने और लंबे समय तक उसे दोहराने की कोशिश करनी थी। हम एक-दूसरे के साथ काफी क्रिकेट खेलते हैं, इसलिए हम जानते हैं कि क्या चीज काम करती है। यह बस वर्तमान में रहने और गेंद दर गेंद इसे दोहराने के बारे में था। यह कभी-कभी उबाऊ हो सकता है, लेकिन काम पूरा करना अच्छा लगता है।"
पिच
बेसिन रिजर्व की पिच पर क्या बोले मिचेल?
सभी प्रारूपों में फिलिप्स के साथ बल्लेबाजी करने पर संतोष व्यक्त करते हुए मिचेल ने कहा, "बेसिन की सतह का स्वभाव ऐसा है कि यह आमतौर पर काफी हरी शुरू होती है। हमने शायद यह उम्मीद नहीं की थी कि 5 दिनों के दौरान यह इतनी धीमी और नीची हो जाएगी, लेकिन अब हम यहां हेगले (क्राइस्टचर्च) में हैं और मुझे यकीन है कि इस पिच में थोड़ा उछाल हो सकता है, जिससे गेंदबाज और बल्लेबाजों को समान अवसर मिलेंगे।"
मुकाबला
न्यूजीलैंड ने इस तरह ड्रॉ कराया मुकाबला
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। हेनरी निकोल्स ने 175 और फिलिप्स ने 118 रन की शानदार पारियां खेलीं।
इसके जवाब में भारतीय टीम ने केएल राहुल (136), ऋषभ पंत (128), शुभमन गिल (98), देवदत्त पडिक्कल (80) और ध्रुव जुरेल (78) की पारियों की बदौलत 720/9 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। मिचेल ने 186 और फिलिप्स ने 126 गेंदें खेलीं।