डैनी वायट-हॉज ने रचा इतिहास, टी-20 विश्व कप संस्करण में 300 रन वाली पहली बल्लेबाज बनी
क्या है खबर?
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज ने महिला टी-20 विश्व कप 2026 में अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, वह एक विश्व कप संस्करण में 300 रन का आंकड़ा छूने वाली पहली बल्लेबाज बनी है। वायट-हॉज ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ फाइनल में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 9 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुई। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
उपलब्धि
एक संस्करण में 300+ रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज बनी वायट-हॉज
वायट-हॉज ने इस संस्करण में 7 पारियों में 60.40 की औसत और 149.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 302 रन बनाए। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में वायट-हॉज के बाद दूसरे सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड मेग लैनिंग के नाम पर दर्ज है। बता दें कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 2020 में 6 पारियों में 64.75 की औसत और 125.12 की स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए थे।
शतक
श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाकर बनाया था ये रिकॉर्ड
वायट-हॉज ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच में 62 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए थे। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और टी-20 विश्व कप का पहला शतक साबित हुआ था। क्रिकइंफो के अनुसार, वह टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाली 7वीं बल्लेबाज बन गईं थी। इस टूर्नामेंट में हीथर नाइट के बाद शतक लगाने वाली वायट-हॉज दूसरी इंग्लिश महिला खिलाड़ी बनी थी।