CSK को नूर अहमद को लेकर मिली चेतावनी, पूर्व क्रिकेटर ने बताई अहमियत
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी से पहले ट्रेड विंडो में हलचल तेज हो गई है। पिछले 8 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा रहे स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से जोड़ा जा रहा है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर हनुमा विहारी ने CSK टीम प्रबंधन को इस संभावित सौदे के नफा-नुकसान को लेकर आगाह किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
विहारी ने क्या दिया बयान?
विहारी ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "अक्षर निश्चित रूप से CSK की टीम में अतिरिक्त मजबूती ला सकते हैं। पिछले साल CSK को नंबर-6 और नंबर-7 की भूमिका में एक मजबूत खिलाड़ी की कमी खली थी। साथ ही उन्हें एक बाएं हाथ के स्पिनर की भी जरूरत है, क्योंकि प्रशांत वीर कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे।"
हालांकि, उन्होंने CSK को 10 करोड़ रुपये में खरीदे अफगानिस्तान के युवा चाइनामैन गेंदबाज नूर अहमद पर अहम चेतावनी दी है।
चेतावनी
विहारी ने नूर को लेकर क्या दी चेतावनी?
विहारी ने कहा, "नूर अहमद को जाने देना एक बहुत ही खराब सौदा साबित होगा। यदि वे डेवाल्ड ब्रेविस को भी छोड़ते हैं, तो यह एक बड़ा फैसला होगा। हालांकि, शायद इसी भूमिका के लिए उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को टीम में लिया है। अगर CSK को अक्षर चाहिए, तो उन्हें ब्रेविस को छोड़ना पड़ सकता है। अक्षर के आने से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों संतुलित हो जाएंगी और लिविंगस्टोन भी कुछ ओवर डाल सकते हैं।"
जानकारी
बतौर कप्तान सफल नहीं हो सके अक्षर
अक्षर को IPL 2025 से पहले DC का कप्तान नियुक्त किया गया था, लेकिन उनकी कप्तानी में टीम पिछले दोनों सीजन में प्लेऑफ तक नहीं पहुंची। इसके अलावा, व्यक्तिगत रूप से भी IPL 2026 अक्षर के लिए निराशाजनक रहा था।