CSK ने छोड़ा माइक हसी समेत 5 दिग्गज सहयोगी स्टाफ का साथ, जानिए क्या है योजना
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने लगातार 2 संस्करणों में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद अपने सपोर्ट स्टाफ को बदलने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने पहले मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग को हटाकर उनकी जगह पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को नया मुख्य कोच नियुक्त किया था। अब टीम ने बल्लेबाजी कोच माइक हसी समेत 5 सहयोगी स्टाफ की विदाई की घोषणा की है।
घोषणा
CSK ने अब इन दिग्गजों का छोड़ा साथ
CSK ने 2018 से टीम के बल्लेबाजी कोच रहे हसी के जाने की घोषणा की है। वे बतौर खिलाड़ी CSK के लिए 6 संस्करणों में खेल चुके हैं।
इसी तरह टीम ने 2018 से टीम के मुख्य गेंदबाजी कोच रहे एरिक सिमंस, सहायक बल्लेबाजी कोच राजीव कुमार, 2008 के पहले सीजन से मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट रहे टॉमी सिमसेक और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच ग्रेग किंग का भी साथ छोड़ दिया है।
फ्रेंचाइजी ने इन सभी को भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बयान
CSK ने हसी को किस तरह दी विदाई?
CSK ने हसी को विदाई देते हुए एक्स पर लिखा, '2008 के पहले सीजन से आप CSK परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। पीली जर्सी में आपका सफर सिर्फ आपके द्वारा बनाए गए रन या तराशे गए खिलाड़ियों से नहीं आंका जा सकता, बल्कि उस समर्पण, विनम्रता और अटूट प्रतिबद्धता के लिए जाना जाएगा जो आप इस फ्रेंचाइजी के लिए लाए। हमारे इतिहास में आपका स्थान हमेशा विशेष रहेगा। एक बार जो सुपरकिंग बन गया, वो हमेशा सुपरकिंग रहता है।'
कोच
पूर्व भारतीय गेंदबाज मोहित शर्मा बने नए गेंदबाजी कोच
गेंदबाजी विभाग में एरिक सिमंस की विदाई के बाद CSK ने अपने ही एक पूर्व सफल खिलाड़ी पर भरोसा जताया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को IPL 2027 के लिए CSK का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।
मोहित खुद CSK की पीली जर्सी में कई सालों तक खेल चुके हैं और टीम की गेंदबाजी की रणनीतियों से बखूबी वाकिफ हैं।
ऐसे में अब उनसे बतौर कोच बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
योजना
क्या है CSK की योजना?
रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व और इस बार की नीलामी के नए रिटेंशन नियमों के बीच CSK का यह ढांचागत बदलाव स्पष्ट करता है कि टीम पुरानी परंपराओं से बाहर निकलकर जहीर खान की आधुनिक रणनीतियों के साथ मैदान पर उतरना चाहती है।
आगामी IPL 2027 जहीर के लिए बतौर मुख्य कोच और नए कोचिंग समूह के लिए एक बहुत बड़ी परीक्षा साबित होने वाला है क्योकि टीम को इनसे इस बाद खिताब दिलाने की उम्मीद होगी।