Page Loader
IPL 2023: धोनी ने दिए संन्यास के संकेत, कहा- यह मेरे करियर का आखिरी दौर
महेंद्र सिंह धोनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद यह बयान दिया (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: धोनी ने दिए संन्यास के संकेत, कहा- यह मेरे करियर का आखिरी दौर

Apr 22, 2023
12:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें CSK को 7 विकेट से जीत मिली। इस जीत के बाद CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने करियर के आखिरी दौर में हैं। मैच में धोनी ने विकेट के पीछे कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कैच, स्टंपिंग के साथ रनआउट भी किया। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

बयान

धोनी ने क्या कहा?

SRH के खिलाफ मैच जीतने के बाद धोनी जैसे ही डगआउट से बाहर आए, वैसे ही पूरा स्टेडियम 'धोनी-धोनी' के नारों से गूंज उठा। इसके बाद प्रजंटेशन सेरेमनी में धोनी ने कहा, "चाहे मैं जितना भी लंबा खेलूं, लेकिन यह मेरे करियर का आखिरी दौर है। इसका लुत्फ उठाना जरूरी है। 2 साल बाद चेन्नई में फैंस के सामने खेलने का मौका मिला है। यहां आकर मुझे अच्छा लग रहा है। दर्शकों ने हमें बहुत प्यार और स्नेह दिया है।"

मौजूदा फॉर्म

IPL 2023 में कैसी है धोनी की फॉर्म? 

क्रिकेट की दुनिया में मैच फिनिशर रूप में अपनी पहचान रखने वाले धोनी इस सीजन में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। उन्होंने फिलहाल 6 मैच में 58 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मैच में उन्होंने 7 गेंदों में 14 रन, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 3 गेंदों में 12 रन और राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 17 गेंदों में 32 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी नहीं आई।

वजूद

IPL इतिहास के दिग्गज खिलाड़ियों में आता है धोनी का नाम 

धोनी ने नाम IPL इतिहास के दिग्गज खिलाड़ियों में आता है। वह IPL इतिहास में सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 240 मैच की 210 पारियों में लगभग 39.35 की औसत और 135.77 की स्ट्राइक रेट से 5,037 रन बनाए हैं। इसमें उन्होंने 84* के उच्चतम स्कोर के साथ 24 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। वह अब तक लीग में 348 चौके और 235 छक्के भी जमा चुके हैं।

जीत

मैच में क्या हुआ?

CSK ने SRH के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। टॉस हारकर पहले खेलते हुए SRH ने 7 विकेट खोकर 134 रन बनाए थे। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। CSK की ओर से रविंद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। 135 रन का लक्ष्य लेकर उतरी CSK ने डेवोन कॉनवे और रुतुराज गायकवाड़ की पारियों के दम पर 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

रिकॉर्ड

धोनी ने बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम 

धोनी के टी-20 क्रिकेट में अब 208 कैच हो चुके हैं। इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने क्विंटन डिकॉक का रिकॉर्ड तोड़ा है। डिकॉक के टी-20 क्रिकेट में 207 कैच हैं। वह अभी तक इस सीजन एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। तीसरे स्थान पर दिनेश कार्तिक हैं। उनके टी-20 क्रिकेट में 205 कैच हैं।