Page Loader
100 इंटरनेशनल गोल दागने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बने रोनाल्डो

100 इंटरनेशनल गोल दागने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बने रोनाल्डो

लेखन Neeraj Pandey
Sep 09, 2020
10:43 am

क्या है खबर?

बीती रात खेले गए UEFA नेशंस लीग के मुकाबले में पुर्तगाल ने अपने सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दम पर स्वीडन को 2-0 से हराया। रोनाल्डो ने पहले हाफ में फ्री-किक पर शानदार गोल लगाते हुए टीम को बढ़त दिलाने के साथ ही नेशनल टीम के लिए अपने 100 गोल भी पूरे किए। वह अब इंटरनेशनल मैचों में 100 या उससे अधिक गोल दागने वाले केवल दुनिया के दूसरे पुरुष फुटबॉलर बन गए हैं।

उपलब्धि

फ्री-किक पर रोनाल्डो ने लगाया अपना 100वां गोल

पहले हाफ के अंतिम क्षणों में पुर्तगाल को बॉक्स के बाहर से फ्री-किक लेने का मौका मिला। रोनाल्डो ने फ्री-किक पर शानदार गोल करते हुए 45वें मिनट में अपनी टीम को लीड दिलाई और पुर्तगाल के लिए अपने 100 गोल भी पूरे किए। वह 100 इंटरनेशनल गोल दागने वाले पहले यूरोपियन खिलाड़ी हैं। 72वें मिनट में बॉक्स के बाहर से ही गोल दागकर रोनाल्डो ने अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई।

फेसबुक पोस्ट

पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो का 100वां गोल

क्या आप जानते हैं?

फुटबॉल में 17 महिलाओं ने दागे हैं 100 या उससे अधिक गोल

महिला फुटबॉल में 17 खिलाड़ियों ने 100 गोल दागे हैं जिसमें से सात अमेरिका की हैं। कनाडा की क्रिस्टिन सिंक्लेयर (186) सबसे अधिक गोल दागने वाली खिलाड़ी हैं। अमेरिका की एब्बी वामबैछ (184) और मिया हाम (158) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

रिकॉर्ड

41 देशों के खिलाफ गोल दाग चुके हैं रोनाल्डो

रोनाल्डो ने 30 साल का होने से पहले तक पुर्तगाल के लिए 118 मैचों में 52 गोल लगाए थे। हालांकि, 30 साल का होने के बाद से वह नेशनल टीम के लिए 47 मैचों में ही 48 गोल दाग चुके हैं। 101 इंटरनेशनल गोल्स के सफर में रोनाल्डो ने अब तक 41 अलग-अलग देशों के खिलाफ गोल दागे हैं। थिएरी ऑनरी (51) और राबिन वान पर्सी (50) के इंटरनेशनल गोल्स मिला दें तब जाकर रोनाल्डो की बराबरी हो सकेगी।

सबसे अधिक गोल

इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे अधिक गोल दागने वाले दिग्गज

ईरान के अलि देई ने सबसे अधिक 109 इंटरनेशनल गोल दागे हैं और निकट भविष्य में यह रिकॉर्ड रोनाल्डो के नाम होने की संभावना है। फिलहाल इन दोनो के बाद ब्राजील के पूर्व महान खिलाड़ी पेले (77) का नंबर आता है। अर्जेंटीन के लियोनल मेसी (70) फिलहाल रोनाल्डो ने 31 इंटरनेशनल गोल्स पीछे हैं। ब्राजील के पूर्व स्ट्राइकर रोनाल्डो नजारियो ने 62 इंटरनेशनल गोल दागे हैं। नेमार अब तक 61 गोल दाग चुके हैं।

नेशंस लीग

अपना खिताब बचाने के लिए दृढ़ लग रही है पुर्तगाल

पुर्तगाल ने पिछले साल नेशंस लीग का पहला संस्करण जीता था और इस साल वे अपने खिताब को बचाने के लिए दृढ़ दिख रहे हैं। पिछले साल सेमीफाइनल में स्विटजरलैंड के खिलाफ हैट्रिक लगाकर रोनाल्डो ने पुर्तगाल को फाइनल में पहुंचाया था। इस साल के अपने पहले मैच में पुर्तगाल ने रोनाल्डो के बिना ही क्रोएशिया को 4-1 से हराया था। उनका अगला मुकाबला 12 अक्टूबर को फ्रांस के साथ होगा।