भारत बनाम नीदरलैंड: श्रेयस अय्यर ने जमाया वनडे विश्व कप में अपना पहला शतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 के 45वें मुकाबले में रविवार को भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (128*) ने कमाल की बल्लेबाजी की।
यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का चौथा शतक रहा। इस विश्व कप में यह उनकी चौथी 50 से अधिक की पारी है।
श्रेयस ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण को निशाना बनाते हुए शानदार बल्लेबाजी की।
आइए श्रेयस की पारी और उनके आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
रिपोर्ट
ऐसी रही श्रेयस की पारी और साझेदारी
श्रेयस जब मैदान में बल्लेबाजी के लिए उतरे तब भारत की रन गति तेजी से आगे बढ़ रही थी। उन्होंने उसी लय को बरकरार रखते हुए तेजी से रन बटोरे।
उन्होंने पारी में 136.17 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 94 गेंदों में नाबाद 128 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जमाए।
श्रेयस ने तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली (51) के साथ मिलकर 66 गेंदों में 71 रन जोड़े।
रिपोर्ट
इस विश्व कप में शानदार लय में हैं श्रेयस
श्रेयस ने इस विश्व कप में अब तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। वह अपनी टीम की ओर से तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
वह अब तक 9 मैचों में 70.16 की औसत और 106.58 की स्ट्राइक रेट से 421 रन बना चुके हैं।
इस विश्व कप में उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम (53*), श्रीलंका (82) और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (77) के खिलाफ भी शानदार पारियां खेली थी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
श्रेयस भारत के ऐसे पहले मध्यक्रम के बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने वनडे विश्व कप के एक संस्करण में 400 से अधिक रन बनाए हैं। श्रेयस से पहले भारत के लिए मध्यक्रम में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह (362, 2011) के नाम था।
रिपोर्ट
साल 2023 में कैसा रहा है अय्यर का प्रदर्शन?
साल 2023 में अय्यर का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने इस साल अब तक 17 वनडे मैच खेलें हैं।
उन्होंने 16 पारियों में 52.69 की औसत और 108.04 की स्ट्राइक रेट से 685 से अधिक रन बना लिए हैं।
इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक जमाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इसी मैच में आया है। वह 3 बार नाबाद भी रहे हैं।
उनकी यह फॉर्म टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए काफी अहम साबित होने वाली है।
रिपोर्ट
श्रेयस का वनडे करियर कैसा रहा है?
28 साल के बल्लेबाज श्रेयस ने अपने वनडे करियर का आगाज साल 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था।
उन्होंने अब तक 56 मैचों की 51 पारियों में 49.37 की औसत और 99.41 की स्ट्राइक रेट से 2,222 रन बनाए हैं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस के इस प्रारूप में 4 शतक के अलावा 17 अर्धशतक भी दर्ज हैं। श्रेयस अपनी कलात्मक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।