क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जारी की केंद्रीय अनुबंध की सूची, मैक्सवेल को नहीं मिली जगह
क्या है खबर?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 2026-27 सीजन के लिए पुरुष खिलाड़ियों की केंद्रीय अनुबंध (सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट) सूची जारी कर दी है। इस 21 खिलाड़ियों की सूची में कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं, जिसमें कुछ बड़े नामों को बाहर रखा गया है। चयन समिति ने व्यस्त टेस्ट क्रिकेट के शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है। टीम को बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ अहम सीरीज खेलनी है।
खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह
इस नई अनुबंध सूची में युवा ओपनर सैम कोनस्टास, तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन, बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को जगह नहीं मिली है। खासतौर पर मैक्सवेल का बाहर होना सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे साफ है कि टीम मैनेजमेंट लंबे फॉर्मेट और भविष्य की योजनाओं पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। वहीं, स्पिनर टॉड मर्फी और नए खिलाड़ियों जैसे ब्रेंडन डॉगेट और जेक वेदराल्ड को अनुबंध में शामिल किया गया है।
बयान
चयन समिति ने क्या कहा?
चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि अगले 12 महीनों में अलग-अलग परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट ज्यादा खेला जाएगा, इसलिए मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि गैर-अनुबंध खिलाड़ी भी अपने प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में मौका पा सकते हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि टीम को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार नए खिलाड़ियों को तैयार करना जरूरी है।
जानकारी
केंद्रीय अनुबंध पाने वाले खिलाड़ियों की पूरी सूची
जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स केरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर और एडम जैम्पा।