LOADING...
कोरोना वायरस: श्रीलंका ने BCCI को दिया IPL 2020 की मेजबानी का प्रस्ताव

कोरोना वायरस: श्रीलंका ने BCCI को दिया IPL 2020 की मेजबानी का प्रस्ताव

Apr 17, 2020
03:08 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा गुरुवार को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रिमियर लीग (IPL) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने के बाद निराश हुए करोड़ो क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक उम्मीद की किरण नजर आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने शुक्रवार को BCCI के सामने IPL के 13वें संस्कारण की मेजबानी का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, BCCI की ओर से इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

प्रस्ताव

दक्षिण अफ्रीका की तरह श्रीलंका में किया जा सकता है IPL का आयोजन- सिल्वा

श्रीलंका क्रिकेट अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने BCCI को पत्र में भेजे प्रस्ताव में कहा कि IPL 2020 रद्द होने से BCCI और उसके शेयरधारकों को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान होगा। ऐसे में इसे 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित करने की तर्ज पर अन्य देश में आयोजित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि BCCI उन्हें ग्रीन सिग्नल देता है तो वह सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने को तैयार हैं। श्रीलंका स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में सारी व्यवस्था होगी।

जानकारी

भारत से पहले श्रीलंका में खत्म होगा कोरोना- सिल्वा

SLC अध्यक्ष सिल्वा ने लंकादीप अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऐसा लगता है कि भारत से पहले श्रीलंका में कोरोना पूरी तरह खत्म हो जाएगा। BCCI चाहे तो वह IPL 2020 की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Advertisement

दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका ने की थी IPL 2009 की मेजबानी

बता दें कि साल 2009 में भारत में लोकसभा चुनावों के कारण BBCI ने दक्षिण अफ्रीका को IPL की मेजबानी का मौका दिया था। वह संस्करण 18 अप्रैल से चालू होकर 24 मई को खत्म हुआ था। उस संस्करण के दौरान 22 डबल हेडर मुकाबले निर्धारित किए गए थे। सेमीफाइनल में चार टीमों के पहुंचने से पहले कुल 56 ग्रुप मैच खेले थे। इस संस्करण का खिताबी मुकाबला हैदराबाद डेक्कन चार्जर ने अपने नाम किया था।

Advertisement

बयान

कैटिच ने IPL को विदेश में शिफ्ट करने की संभावना पर दिया बयान

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मुख्य कोच साइमन कैटिच का मानना ​​है कि यदि IPL को ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका में शिफ्ट कर दिया जाए तो सभी परेशानी खत्म हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि विराट कोहली के नेतृत्व वाली RCB में डेल स्टेन, केन रिचर्डसन और क्रिस मॉरिस जैसे तेज गेंदबाज हैं। ऐसे में RCB प्रबंधन विदेश में खेलने को लेकर खुश होगा। उसके कई खिलाड़ी विदेशी परस्थितियों का आनंद उठा सकेंगे।

परेशानी

BCCI के लिए आसान नहीं होगी IPL को शिफ्ट करने की राह

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भले ही IPL 2020 को आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है, लेकिन BCCI के लिए अभी इसे स्वीकारना आसान नहीं होगा। BCCI कोरोना वायरस महामारी के चलते खिलाड़ियों और लोगों की जान को खतरे में नहीं डालना चाहेगा। अभी तो कई देशों में यात्रा प्रतिबंध भी लगे हुए हैं। ऐसे में खिलाड़ियों की उपलब्धता भी बहुत मुश्किल होगी। स्थितियां सुधरने के बाद ही इस पर कुछ निर्णय किया जा सकता है।

IPL 2020

BCCI ने IPL को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया

देश में बढ़ते कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए लॉकडाउन को 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। इसको देखते हुए BCCI सचिव जय शाह ने गुरुवार को IPL को अनिश्चतकाल के लिए स्थगित कर दिया। शाह ने कहा कि खिलाड़ियों और लोगों की सेहत सर्वोपरि है। BCCI, फ्रेंचाइजी मालिकों, प्रसारकों, प्रायोजकों और सभी संबंधित पक्षों ने मिलकर यह फैसला लिया है कि जब हालात सुरक्षित होंगे, तभी IPL का आयोजन किया जाएगा।

Advertisement