Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐसा रहा प्रदर्शन
भारतीय टीम को मिला रजत पदक (तस्वीर: ट्विटर/@WeAreTeamIndia)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐसा रहा प्रदर्शन

Aug 09, 2022
01:59 pm

क्या है खबर?

बर्मिंघम में सम्पन्न हुए राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को नौ रनों से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को शामिल किया गया था, जिसमें भारतीय टीम ने उम्दा प्रदर्शन किया। इन खेलों में भारतीय टीम के प्रदर्शन और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

सफर

ऑस्ट्रेलिया से दो बार हारी भारतीय टीम

भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार से की थी। ग्रुप-A के अपने पहले मैच में भारत को कंगारू टीम ने तीन विकेट से हराया था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट से जबकि बारबाडोस को 100 रनों से हराकर अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को चार रनों से हराया था। वहीं फाइनल में भारत, ऑस्ट्रेलिया की चुनौती नहीं लांघ सकी।

मंधाना

मंधाना ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

स्मृति मंधाना ने टूर्नामेंट में 39.75 के औसत से 159 रन बनाकर तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी के रूप में समापन किया। इसके अलावा मंधाना ने सबसे अधिक छक्के (6), सबसे अधिक चौके (23) और एक पारी में चौके और छक्के की मदद से सबसे अधिक रन का रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था, जो नॉकआउट मैच में सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक है।

रोड्रिग्स

रोड्रिग्स ने किया कमाल का प्रदर्शन

जेमिमाह रोड्रिग्स ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 73.00 की औसत से 146 रन बनाए। वह मंधाना के बाद दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज रही। उन्होंने बारबाडोस के खिलाफ 46 गेंदों में नाबाद 56* रनों की पारी खेली। उन्होंने सेमीफाइनल में 31 गेंदों में 44* रन बनाए। वहीं फाइनल में 33 गेंदों में 33 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस बीच उन्होंने हरमनप्रीत के साथ बड़ी साझेदारी भी की थी।

हरमनप्रीत

हरमनप्रीत ने पूरे किए 2,500 रन

बर्मिंघम में हरमनप्रीत कौर भारत के लिए तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाली और कुल मिलाकर छठी सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज रही। उन्होंने चार पारियों में 34.25 की औसत और 140 के करीब स्ट्राइक से 137 रन बनाए। उनके स्कोर क्रमशः 52, 0, 20 और 65 रहे। दिलचस्प रूप से उन्होंने अपने दोनों अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाए। इस बीच उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,500 रन पूरे किए और यह आंकड़ा पार करने वाली पहली भारतीय बनी।

रेणुका

रेणुका ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लिए

भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने कमाल की गेंदबाजी की और टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही। उन्होंने पांच मैचों में 9.45 की औसत और 5.47 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट चटकाए। इस बीच उन्होंने दो मैचों में चार-चार विकेट लिए। रेणुका के बाद स्नेह राणा भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज रही। राणा ने चार मैचों में 12.43 की औसत से सात विकेट अपने नाम किए।