Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: टेबल टेनिस में 40 वर्षीय अचंता शरत कमल ने जीता स्वर्ण पदक
शरत कमल ने जीता स्वर्ण पदक (तस्वीर: ट्विटर/@WasimJaffer14)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: टेबल टेनिस में 40 वर्षीय अचंता शरत कमल ने जीता स्वर्ण पदक

Aug 08, 2022
06:25 pm

क्या है खबर?

भारत के दिग्गज खिलाड़ी अचंता शरत कमल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष एकल टेबल टेनिस फाइनल में इंग्लैंड के लियाम पिचफोर्ड को हराकर स्वर्ण पदक जीता है। 40 वर्षीय शरत ने पिचफोर्ड को 4-1 से हराकर स्वर्ण हासिल किया है। दूसरी तरफ भारत के जी साथियान ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। यह बर्मिंघम खेलों में भारत का टेबल टेनिस में कुल आठवां पदक है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

राष्ट्रमंडल खेल 2022

एकल वर्ग में शानदार रहा शरत का प्रदर्शन

शरत ने राउंड ऑफ 32 (पुरुष एकल) में ऑस्ट्रेलिया के फिन लुउ पर 4-0 से जीत दर्ज करके शानदार शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अगले दौर में नाइजीरिया के ओलाजाइड ओमोटायो को 4-2 से हराया। वहीं क्वार्टर फाइनल में उन्होंने सिंगापुर के योंग इजाक क्वेक को 4-0 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में शरत ने इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहॉल को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी।

राष्ट्रमंडल खेल

शरत ने राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में जीते कुल 13 पदक

शरत ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के एकल स्पर्धा में दूसरा स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने 2006 के मेलबर्न खेलों में अपना पहला स्वर्ण जीता था। वहीं मौजूदा संस्करण में शरत ने हमवतन साथियान ज्ञानसेकरन (पुरुष युगल स्पर्धा) के साथ रजत भी जीता। इसके अलावा उन्होंने मिश्रित युगल में श्रीजा अकुला और पुरुष टीम के साथ स्वर्ण पदक जीते हैं। शरत के पास अब राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 13 पदक (सात स्वर्ण, तीन रजत, तीन कांस्य) हो गए हैं।

राष्ट्रमंडल खेल 2022

मौजूदा संस्करण में टेबल टेनिस में भारत की झोली में आए कुल आठ पदक

पुरुषों के एकल फाइनल में शरत की जीत ने 2022 के खेलों में भारतीय टेबल टेनिस दल को अपना आठवां पदक दिलाया। भारत के पास अब 2022 के खेलों में सबसे अधिक टेबल टेनिस पदक हो गए हैं। बता दें बर्मिंघम खेलों में भारत ने टेबल टेनिस में सिंगापुर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने कुल सात पदक जीते हैं। वहीं इंग्लैंड इस सूची में तीसरे स्थान पर है, जिन्होंने कुल चार पदक जीते हैं।

जानकारी

भारत ने जीते कुल 22 स्वर्ण

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अपने अभियान का समापन कुल 61 पदक के साथ किया है, जिसमें 22 स्वर्ण शामिल हैं। भारत की झोली में 16 रजत और 23 कांस्य भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है।