
कॉलिन मुनरो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा, जानिए उनके शानदार रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 37 साल का यह खिलाड़ी आखिरी बार कीवी टीम के लिए साल 2020 में खेलते हुए नजर आया था।
मुनरो को लगता है कि टी-20 विश्व कप 2024 में उनका चयन नहीं किया गया, ऐसे में उनकी टीम में वापसी अब संभव नहीं है। ऐसे में उन्होंने यह बड़ा फैसला किया है।
आइए उनके कुछ शानदार रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
शतक
पहले बल्लेबाज जिन्होंने लगाए 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक
जनवरी 2018 में मुनरो पहले बल्लेबाज बने थे, जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3 शतक जड़े थे।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 53 गेंद में 104 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपना पहला शतक बांग्लादेश के खिलाफ साल 2017 में बनाया था। उन्होंने 54 गेंद में 101 रन बनाए थे।
इस खिलाड़ी का दूसरा शतक भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2017 में आया था। उन्होंने 58 गेंद में 109 रन जड़े थे।∂
पारी
न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सबसे तेज शतक
मुनरो के नाम न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2020 में सिर्फ 47 गेंद का सामना करते हुए शतक लगाया था।
ग्लेन फिलिप्स ने उनका रिकॉर्ड तोड़ते हुए वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 46 गेंद में शतकीय पारी खेली थी।
मुनरो के नाम आज भी सलामी बल्लेबाज के तौर पर न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड है।
खिलाड़ी
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
मुनरो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेस्ट खेलने वाले देश में दूसरे सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने सिर्फ 14 गेंद में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2016 में अर्धशतक लगाया था।
उनके आगे सिर्फ भारत के युवराज सिंह हैं। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2007 के टी-20 विश्व कप में सिर्फ 12 गेंद में अर्धशतक लगा दिया था।
मुनरो टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सबसे तेज 100 छक्के (963 गेंदें) बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
करियर
कैसा रहा है मुनरो का अंतरराष्ट्रीय करियर?
मुनरो ने न्यूजीलैंड के लिए 1 टेस्ट, 57 वनडे और 65 टी-20 मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 7.50 की औसत से 15 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी के बल्ले से 57 मैच की 53 पारियों में 24.92 की औसत से 1,271 रन निकले थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 65 मैच की 62 पारियों में 31.34 की औसत और 156.44 की स्ट्राइक रेट से 1,724 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 3 शतक और 11 अर्धशतक निकले थे।