भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे पर मंडराए खतरे के बादल, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को सितंबर में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ निर्धारित सफेद गेंद सीरीज की मेजबानी करने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। क्रिकबज के अनुसार, देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल ने स्थिति को और भी जटिल बना दिया है। BCB के अधिकारी सकारात्मक परिणाम की उम्मीद बनाए हुए हैं, लेकिन हाल की घटनाओं ने इस सीरीज के निर्धारित समय पर होने की संभावना पर संदेह पैदा कर दिया है।
संबंध
भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ रहे हैं संबंध
8 अगस्त को बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने शेख हसीना के दिल्ली में आभाषी संबोधन को अनुमति देने के लिए भारत सरकार की आलोचना की थी।
उनका कहना था कि हसीना के संबोधन से बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा हो सकती है।
उनकी यह टिप्पणी भारत में हसीना की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव के बीच आई है। यह भारत की मेजबानी की संभावना को पूरी तरह से खत्म कर सकता है।
उम्मीद
BCB को थी भारत से संबंध सुधारने की उम्मीद
सुरक्षा चिंताओं के चलते टी-20 विश्व कप 2026 से नाम वापस लेने के बाद BCB को भारत के साथ संबंधों में सुधार की उम्मीद थी।
हालांकि, मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह निर्णय वास्तव में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा निर्देशित एक राजनीतिक कदम था।
फरवरी में यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार से बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी के सत्ता संभालने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीदें बढ़ गई थीं।
फायदा
भारत की मेजबानी से BCB को होगा वित्तीय फायदा
BCB के मौजूदा अध्यक्ष तमीम इकबाल इस सीरीज को संभव बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
भारत की मेजबानी से बोर्ड को बड़ा वित्तीय लाभ हो सकता है, खासकर उनकी ब्रांड वैल्यू और वैश्विक स्तर पर उनकी लोकप्रियता को देखते हुए।
हालांकि, भारत में हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सितंबर में भारत की मेजबानी करना BCB के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गया है। BCB के एक अधिकारी ने दौरे को लेकर आशंका व्यक्त की है।
बातचीत
वनडे और टी-20 सीरीज के लिए BCB और BCCI में चल रही बातचीत
इकबाल ने इससे पहले प्रस्तावित वनडे और टी-20 सीरीज को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ हुई बातचीत की पुष्टि की थी।
बांग्लादेश के भारत में आयोजित टी-20 विश्व कप से नाम वापस लेने के पिछले झटके के बावजूद तमीम ने दौरे पर सकारात्मकता जताई थी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बांग्लादेश क्रिकेट आयोजनों के लिए सुरक्षित है और इस दौरे को सुविधाजनक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।