LOADING...
IPL 2025: DC ने CSK को हराकर दर्ज की तीसरी जीत, मैच में ये बने रिकॉर्ड्स
दिल्ली ने मैच में शानदार जीत दर्ज की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: DC ने CSK को हराकर दर्ज की तीसरी जीत, मैच में ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 05, 2025
07:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 17वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 25 रन से हराते हुए अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। चेपॉक स्टेडियम में हुए मैच में DC ने पहले खेलते हुए 183/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK 20 ओवर में 158/5 का स्कोर ही बना पाई। CSK इस सीजन तीसरा मुकाबला हारी है। उसे 1 जीत मिली है। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

DC ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। LSG के लिए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (77) ने कमाल की पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक पोरेल ने 33 रन बनाए। खलील अहमद ने 2 विकेट अपने नाम किए। जवाब में CSK का शीर्ष क्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। कोई भी बल्लेबाज मैच जीताने वाली पारी नहीं खेल पाया। विप्रज निगम ने DC के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। DC के अन्य गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

पारी

ऐसी रही केएल राहुल की पारी 

राहुल ने मैच में 51 गेंदों का सामना किया और 77 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 150.98 की रही। यह उनके IPL करियर का 38वां और CSK के खिलाफ छठा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। वह अब तक कुल 134 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 125 पारियों में 45.48 की औसत और 135.80 की स्ट्राइक रेट से 4,775 रन बनाने में सफल रहे हैं।

रिकॉर्ड

राहुल ने विराट कोहली के इस रिकॉर्ड की कर ली बराबरी 

राहुल ने अपनी इस पारी के दौरान विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 40 बार IPL में 50+ के स्कोर बनाए हैं। कोहली के भी सलामी बल्लेबाज के रूप में इतने ही 50+ के स्कोर हैं। ये दोनों खिलाड़ी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में पहले स्थान पर डेविड वार्नर (60) और दूसरे स्थान पर शिखर धवन (49) हैं।

उपलब्धि

अक्षर पटेल ने DC के लिए पूरे किए 1,000 रन 

DC के कप्तान अक्षर पटेल ने मैच में 14 गेंदों का सामना किया और 21 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 150 की रही। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने DC के लिए खेलते हुए 1,000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने अपनी पारी का 11वां रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की। वह DC के पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने इस लीग में 1,000 रन के साथ 50 विकेट भी लिए हैं।

जानकारी

विजय शंकर ने जड़ा अर्धशतक 

CSK के लिए सबसे बड़ी पारी विजय शंकर ने खेली। उन्होंने 54 गेंदों का सामना किया और 69 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चोके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 127.78 की रही। यह उनके IPL करियर का 7वां अर्धशतक रहा।

अंक तालिका

अंक तालिका पर एक नजर 

DC की ये चेपॉक में 15 साल के बाद मिली पहली जीत है। अब टीम अंक तालिका में 3 जीत और 6 अंक के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, इस हार के बाद CSK की टीम 2 अंक के साथ 8वें स्थान पर खिसक गई है। टीम ने इस संस्करण में सिर्फ 1 जीत दर्ज की है। 2 मैच में 2 जीत के साथ पंजाब किंग्स (PBKS) दूसरे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) तीसरे स्थान पर है।