LOADING...
कोलकाता नाइट राइडर्स ने चंद्रकांत पंडित को अपना हेड कोच बनाया
KKR के नये कोच बने चंद्रकांत पंडित

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चंद्रकांत पंडित को अपना हेड कोच बनाया

Aug 17, 2022
05:26 pm

क्या है खबर?

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने चंद्रकांत पंडित को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। KKR ने अपने ट्विटर हैंडल से यह आधिकारिक ऐलान भी किया है। बता दें पंडित की निगरानी में मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2021-22 का खिताब अपने नाम किया था। घरेलू क्रिकेट में कई टीमों में कोच की भूमिका निभा चुके पंडित पहली बार IPL में मुख्य कोच के रूप में काम करेंगे। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

हम चंदू को KKR में शामिल करके उत्साहित हैं- वेंकी मैसूर

KKR के CEO वेंकी मैसूर ने घोषणा करते हुए कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं कि चंदू हमारी यात्रा के अगले चरण में हमारा नेतृत्व करने के लिए नाइट राइडर्स परिवार में शामिल हो रहे हैं। वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते हैं और घरेलू क्रिकेट में सफलता का उनका ट्रैक रिकॉर्ड सभी के सामने है। हम अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ उनकी साझेदारी को लेकर उत्साहित हैं, जो रोमांचक होने की उम्मीद है।"

ट्विटर पोस्ट

KKR का ट्वीट

IPL 2022

IPL 2022 में KKR ने किया था निराश

IPL 2022 में KKR के कोच ब्रेंडन मैकुलम थे, जिनकी निगरानी में टीम 14 में से छह मैच ही जीतने में सफल रही थी। KKR ने पिछले सीजन के शुरुआती चार में से तीन मैच जीतकर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, टीम जीत की लय से भटक गई और अगले पांच मैचों में लगातार हार गई। लीग चरण के आखिरी पांच में से KKR सिर्फ तीन में ही जीत हासिल कर सकी और प्ले-ऑफ की रेस से बाहर हो गई।

कोचिंग

कोच के रूप में सफलता का पर्याय हैं पंडित

चंद्रकांत पंडित घरेलू क्रिकेट में कोच के रूप में सफलता का पर्याय बन चुके हैं। वह जिस भी टीम के कंधो पर अपना हाथ रख देते हैं, उसका चैंपियन बनना तय हो जाता है। यह (मध्य प्रदेश के साथ) कोच के तौर पर उनका छठा रणजी ट्रॉफी का खिताब है। वह इससे पहले मुंबई को तीन बार (2002-03, 2003-04 और 2015-16) और विदर्भ (2017-18 और 2018-19) को लगातार दो बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जितवा चुके हैं।

करियर

ऐसा रहा पंडित का क्रिकेटिंग करियर

विकेटकीपर बल्लेबाज रहे पंडित ने भारत की ओर से पांच टेस्ट खेले, जिसमें 24.42 की औसत से 171 रन बनाए। वहीं 36 वनडे अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 20.71 की औसत से 290 रन बनाए। वहीं घरेलू करियर की बात करें तो पंडित ने मुंबई, असम और मध्य प्रदेश की ओर से कुल 138 फर्स्ट क्लास मैचों में लगभग 49 की औसत से 8,209 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 22 शतक भी लगाए। वहीं 101 लिस्ट-A मैचों में 2,033 रन बनाए।