चैंपियंस ट्रॉफी 2025: डेविड मिलर ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 50 रन से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
लाहौर में जीत के लिए मिले 363 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रोटियाज टीम 312/9 का स्कोर ही बना सकी।
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने संघर्षपूर्ण शतकीय (100*) पारी खेली। इस बीच उन्होंने एशिया में अपने 1,000 रन भी पूरे किए।
आइए उनके आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
पारी
ऐसी रही मिलर की पारी
दक्षिण अफ्रीका ने जब 167 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब मिलर क्रीज पर आए।
उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच टीम के लिए असफल प्रयास किया।
उन्होंने 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
आखिरी ओवरों के दौरान इस अनुभवी बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और मैच की आखिरी गेंद पर अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने 67 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्के की मदद से 100* रन बनाए।
आंकड़े
मिलर ने एशिया में पूरे किए अपने 1,000 वनडे रन
मिलर ने एशिया में अब तक 45 वनडे खेले हैं, इसकी 43 पारियों में 33.93 की औसत और 99.45 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,086 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं।
उन्होंने सबसे ज्यादा रन अफ्रीका महाद्वीप में बनाए हैं। बता दें कि मिलर ने अफ्रीका में 86 मैचों की 71 पारियों में 46.43 की औसत के साथ 2,229 रन अपने नाम किए हैं।
जानकारी
मिलर ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला शतक लगाया
चैंपियंस ट्रॉफी में यह मिलर का पहला शतक है। उन्होंने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 10 मैच खेले हैं, जिसमें 54.66 की औसत के साथ 328 रन बनाए हैं। वह 2 अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
करियर
मिलर के वनडे करियर पर एक नजर
मिलर ने वनडे क्रिकेट में अपना डेब्यू साल 2010 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था।
उन्होंने अब तक दक्षिण अफ्रीका के लिए 178 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 154 पारियों में इस खिलाड़ी ने 42.30 की औसत और 103.68 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,611 रन बनाए हैं।
इस दौरान मिलर ने 7 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 139 रन रहा है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड से रचिन रविंद्र (108) और केन विलियमसन (102) ने शतक लगाए। इनके अलावा डेरिल मिचेल (49) और ग्लेन फिलिप्स (49) ने उपयोगी योगदान दिया और टीम को 362/6 के स्कोर तक पहुंचाया।
विशाल स्कोर का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका से कप्तान तेम्बा बावुमा (56) और रसी वैन डेर डुसेन (69) ने अर्धशतक लगाए।
इन दोनों के बाद मिलर ने शतक लगाकर (100*) संघर्ष किया, लेकिन टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 312/9 का स्कोर ही बना सकी।