LOADING...
टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज कर पाएगा पाकिस्तान? जानिए जरूरी बातें
भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाना है (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज कर पाएगा पाकिस्तान? जानिए जरूरी बातें

Feb 14, 2026
04:19 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 का 27वां मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को खेला जाएगा। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम अपनी चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमें इस महामुकाबले के लिए जमकर तैयारी कर रही हैं। टी-20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान सिर्फ एक बार भारत को हरा पाया है। मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों टीमें अब तक अजेय हैं। ऐसे में मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। आइए मैच से जुड़ी अहम बातें जानते हैं।

हेड-टू-हेड

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमें कुल मिलाकर 16 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 13 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जिनमें 2007 के पहले टी-20 मुकाबले में बॉल-आउट के जरिए मिली जीत भी शामिल है। इसी तरह पाकिस्तान ने सिर्फ 3 मैच अपने नाम किए हैं। गौरतलब है कि पिछले साल के टी-20 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 3 मुकाबले खेले गए थे और तीनों में भारत ने जीत दर्ज की थी।

एकादश

इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है भारतीय टीम 

पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में भारतीय टीम 2 बड़े बदलाव कर सकती है। अभिषेक शर्मा की वापसी तय मानी जा रही है। ऐसे में संजू सैमसन पाकिस्तान के खिलाफ मैच का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप यादव के शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए, उन्हें भी मौका मिल सकता है। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।

Advertisement

प्लेइंग इलेवन

इन खिलाड़ियों के साथ उतर सकती है पाकिस्तान की टीम 

पिछले मुकाबलों में मिली जीत से पाकिस्तान टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। ऐसे में भारत के खिलाफ अहम मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव की संभावना कम ही नजर आ रही है। टीम अपने स्पिन गेंदबाजों पर भरोसा जताना चाहेगी, जो मध्य ओवरों में मैच का रुख पलट सकते हैं। संभावित एकादश: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, आघा सलमान (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक और अबरार अहमद।

Advertisement

पिच

कैसी होगी पिच की स्थिति?

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 150 रन है। यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।

जानकारी

कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम? 

एक्यूवेदर के अनुसार, 15 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना 45 प्रतिशत से भी ज्यादा है। ऐसे में मैच बिना बारिश के खेले जाने की उम्मीद नहीं है।

नजरें

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें 

सूर्यकुमार ने पिछले 10 मुकाबलों में 51.43 की औसत से 360 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से 6 मुकाबलों में 49.33 की औसत से 296 रन निकले हैं। साहिबजादा ने पिछले 9 मुकाबलों में 146.59 की स्ट्राइक रेट से 280 रन बनाए हैं। सलमान के बल्ले से 10 मैचों में 165.85 की स्ट्राइक रेट से 272 रन निकले हैं। वरुण ने पिछले 8 मैच में 16 विकेट चटकाए हैं। अबरार के नाम 9 मैच में 16 विकेट है।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement