'सैंडपेपर गेट' विवाद पर कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने तोड़ी चुप्पी, उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन किया
क्या है खबर?
पूर्व टेस्ट बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने फिर से चर्चा में आए 'सैंडपेपर गेट' विवाद पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा है कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पता था कि वह गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने उस्मान ख्वाजा के बयान का समर्थन किया और कहा कि पिछले हफ्ते पैट कमिंस के रुख से उन्हें गुस्सा आया। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
खुलासा
बैनक्रॉफ्ट ने किया खुलासा
द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में प्रकाशित 4,000 शब्दों के एक लेख में बैनक्रॉफ्ट ने बताया कि 2018 में जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मामले की जांच की थी, तब वह घटनाओं का 'पूरा और सच्चा' विवरण देने में विफल रहे थे।
उन्होंने कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपा ली थीं, जैसे कि सैंडपेपर का इस्तेमाल कब शुरू हुआ, यह कितने समय तक चलता रहा और दौरे पर गई बाकी टीम को इस बारे में कितनी जानकारी थी।
बयान
पूरी टीम को इसकी जानकारी थी- बैनक्रॉफ्ट
बैनक्रॉफ्ट ने लिखा, "दक्षिण अफ्रीका में गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने के बारे में सिर्फ हम 3 लोग स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और मैं ही नहीं जानते थे, बल्कि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी।"
बैनक्रॉफ्ट को ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर सभी तरह के क्रिकेट से 9 महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
इसके बाद CA ने तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और वार्नर को भी उनकी भूमिकाओं के लिए 12 महीने के लिए निलंबित किया था।
बयान
कमिंस पर भड़के बैनक्रॉफ्ट
बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि कमिंस द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस वह अंतिम घटना थी, जिसने उन्हें अपनी चुप्पी तोड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने इस पर कहा, " उनके बयान ने मुझे गुस्सा दिलाया। मुझे ऐसा लगा जैसे मेरे साथ विश्वासघात हुआ है और मैं इस मामले में बिल्कुल अकेला छोड़ दिया गया हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उन्होंने जो देखा था, वह कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस से मेल नहीं खाता।
घटनाक्रम
ख्वाजा की किताब के बाद से फिर से चर्चा में आया है विवाद
हाल ही में ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी।
इसके बाद मौजूदा कप्तान कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इन आरोपों को सरासर गलत बताया था।
इस कांफ्रेंस के बाद वार्नर ने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कमिंस के रुख पर सवाल उठाए थे।
CA ने अब ऐलान किया है कि वह इस विवाद में शामिल खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के बयानों को फिर से सुनेगा।